न्यायिक अधिकारियों ने किया निजी बसों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
न्यायिक अधिकारियों ने किया निजी बसों का निरीक्षण


आठ बसों पर र्कारवाई, नियमों की पालना नहीं करने पर चालान काटा, सीज भी की

जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा प्रदत्त निर्देशों की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला के सचिव डॉ. मनीष हरजाई ने संयुक्त निरीक्षण दल के साथ आज लग्जरी व स्लीपर बसों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल आठ बसों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाली बसों को जब्त किया गया एवं बसों के चालान भी किए गए।

चैकिंग के दौरान स्लीपर बसों द्वारा एआईएस-119 के प्रावधानों की पालना नहीं करने, वाहनों में पर्याप्त आपातकालीन द्वार नहीं होना, बैठक क्षमता में परिवर्तन, वाहन के पीछे चैसिस को काटकर नियम विरूद्ध बनाए गए लगेज स्पेस, छत पर लगेज कैरियर बनाना, वाहनों का ओवरहेंग होना तथा बसों में लगे स्लीपर की लम्बाई और फर्श से ऊंचाई निर्धारित मापदण्डों के अनुसार नहीं होना आदि की चैकिंग की गई।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त निरीक्षण दल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर जिला महेन्द्र कुमार टाक, न्यायिक मजिस्ट्रेट (मोबाइल), जोधपुर महानगर दिलीप चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जोधपुर छगल लाल मालवीय, परिवहन निरीक्षक मोहम्मद फिरोज, पुलिस निरीक्षक गंगाराम तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट (मोबाईल) जोधपुर महानगर की उडऩदस्ता टीम उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story