न्यायालय की रोक हटी तो खुला भर्ती का रास्ता, 209 सहायक आचार्यों को मिली नियुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
न्यायालय की रोक हटी तो खुला भर्ती का रास्ता, 209 सहायक आचार्यों को मिली नियुक्ति


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में लंबे समय से अटकी सहायक आचार्य भर्ती प्रक्रिया ने अब गति पकड़ ली है। न्यायालय से भर्ती पर लगी रोक हटने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 23 विशिष्टताओं में 209 चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि सहायक आचार्य भर्ती के लिए वर्ष 2021 में विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन विभिन्न न्यायालयीन प्रकरणों के चलते प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। 6 नवंबर 2026 को न्यायालय से रोक हटने के बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और 18 नवंबर को 209 चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए।

भर्ती में सबसे अधिक नियुक्तियां उन विभागों में हुई हैं, जहां मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण और उपचार दोनों स्तरों पर विशेषज्ञों की बड़ी जरूरत रहती है। जनरल सर्जरी में 41, स्त्री एवं प्रसूति रोग में 39 और जनरल मेडिसिन में 31 सहायक आचार्यों को नियुक्ति दी गई है।

इसके अलावा शिशु रोग में 21, निश्चेतन में 20 और रेडियोडायग्नोसिस में 16 नियुक्तियां हुई हैं।

वहीं कार्डियोलॉजी और मेडिकल ऑन्कोलॉजी में छह-छह, कार्डियो थोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी में पांच, नेत्र रोग में चार और एनाटॉमी में तीन सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी, फार्माकोलॉजी, फिजियोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी जैसे विभागों में भी नए शिक्षकों को नियुक्ति दी गई है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, पीएण्डएसएम, डेंटल प्रोस्थेटिक्स, हेड एंड नेक कैंसर सर्जरी, न्यूरोलॉजी, प्लास्टिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री सहित अन्य विशिष्टताओं में भी नियुक्तियां की गई हैं।

इससे मेडिकल कॉलेजों में अलग-अलग विशेषज्ञ विभागों की शैक्षणिक और चिकित्सकीय क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि शेष अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर से प्राप्त होने के बाद उनके नियुक्ति आदेश भी नियमानुसार जारी किए जाएंगे। यानी भर्ती प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और आने वाले चरण में अन्य चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति मिल सकती है।

सरकार का कहना है कि मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की संख्या बढ़ने से विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा और अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता भी मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story