नौतपा से पहले ही तपने लगा राजस्थान, श्रीगंगानगर सबसे गर्म
जयपुर, 24 मई (हि.स.)। राजस्थान में सोमवार से शुरू हो रहे नौतपा से पहले ही भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है। रविवार को प्रदेश के 10 शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि नौ शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। 46 डिग्री सेल्सियस के साथ श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहा, वहीं 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ कोटा और फलौदी की रात सबसे गर्म दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते कई शहर हीटवेव की चपेट में रहेंगे। भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा तथा दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। आगामी तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तथा कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 और 29 मई से प्रदेश के कुछ भागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने तथा कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। विभाग ने जून के प्रथम सप्ताह तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।
राजधानी जयपुर में रविवार को तेज धूप और गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित किया। भीषण गर्मी से आमजन के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए। दोपहर के समय कूलर और एसी भी बेअसर दिखाई दिए।
जयपुर में दिन के तापमान में एक डिग्री तथा रात के तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर बाद शहर में धूलभरी हवाएं चलीं। गर्म हवाओं के थपेड़ों के चलते लोग घरों में दुबके रहे, जबकि राहगीर धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव तलाशते नजर आए। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

