नौतपा में तपने लगा राजस्थान, श्रीगंगानगर 47 डिग्री के साथ सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
नौतपा में तपने लगा राजस्थान, श्रीगंगानगर 47 डिग्री के साथ सबसे गर्म


जयपुर, 26 मई (हि.स.)। नौतपा के दौरान राजस्थान में भीषण गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सूरज की तपिश ने आमजन के पसीने छुड़ा दिए। सुबह से ही तेज गर्मी का असर दिखाई देने लगा और दोपहर होते-होते हालात और अधिक गंभीर हो गए।

प्रदेश में 10 शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 11 शहरों का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा। पांच शहरों में दिन का तापमान 45 डिग्री से अधिक पहुंच गया। श्रीगंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि कोटा में न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो रात का सर्वाधिक तापमान रहा।

भीषण गर्मी के कारण कई शहरों में दिन और रात के तापमान के बीच केवल 10 से 15 डिग्री का अंतर रह गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में गर्मी और अधिक उग्र रूप धारण कर सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आने और लोगों को राहत मिलने की संभावना है। सीकर में मंगलवार को बारिश और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे वहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर के अलावा फलौदी, बीकानेर, जैसलमेर और कोटा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं कोटा, जयपुर, सीकर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, नागौर, संगरिया, करौली और दौसा में रात का तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा। इनमें से छह शहरों में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री से भी अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है तथा कई स्थानों पर हीटवेव और पश्चिमी राजस्थान में उष्ण रात्रि की स्थिति दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों तक हीटवेव और उष्ण रात्रि का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है।

राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। 30 मई से इन गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा जून के प्रथम सप्ताह तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके प्रभाव से 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

इधर राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने लोगों का दिन का चैन और रात का सुकून छीन लिया। तेज गर्मी के कारण लोग सुबह से ही घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। दोपहर तक हालात इतने अधिक गर्म हो गए कि एसी और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हुए। हालांकि दोपहर बाद आसमान में काले बादल छाने और हल्की हवाएं चलने से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में केवल 11 डिग्री का अंतर रहा।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में श्रीगंगानगर का तापमान 47 डिग्री, बीकानेर और फलौदी का 46 डिग्री, जैसलमेर का 45.6 डिग्री, कोटा का 45.4 डिग्री, पिलानी का 44.9 डिग्री, चूरू का 44.8 डिग्री, बाड़मेर का 44.4 डिग्री तथा अलवर और चित्तौड़गढ़ का तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story