निर्धारित समय पर चली ट्रेनें, यात्रियों का सफर हुआ आसान

WhatsApp Channel Join Now
निर्धारित समय पर चली ट्रेनें, यात्रियों का सफर हुआ आसान


जोधपुर मंडल ने हासिल की 100 प्रतिशत समयबद्धता

जोधपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। ट्रेन समय पर चले तो यात्रियों का सफर आसान होने के साथ उनके समय की भी बचत होती है। इसी दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने शत प्रतिशत समयबद्धता हासिल की। मंडल की सभी मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित समय पर संचालित हुईं। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने, आगे की यात्रा की योजना बनाने और जरूरी काम तय समय पर पूरे करने में सहूलियत मिली।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि ट्रेनों का समय पर संचालन यात्रियों के लिए केवल सुविधा ही नहीं,बल्कि उनकी यात्रा को अधिक भरोसेमंद बनाने का भी आधार है। समयबद्ध रेल सेवाओं से यात्रियों को स्टेशन पर अनावश्यक इंतजार की परेशानी से बचने और अपने समय का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलती है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और जरूरी काम से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए समय पर ट्रेन मिलना काफी महत्वपूर्ण है।

डीआरएम के निर्देशानुसार मंडल पर बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय, परिचालन दक्षता और सतत निगरानी से यह उपलब्धि हासिल हुई। जोधपुर मंडल में ट्रेनों के सुचारू संचालन पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। मंडल का लक्ष्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम, समयबद्ध और भरोसेमंद रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story