निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी के लिए रेलवे की विशेष तैयारी, स्पेशल ट्रेन और 50 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात

WhatsApp Channel Join Now
निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी के लिए रेलवे की विशेष तैयारी, स्पेशल ट्रेन और 50 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात


जयपुर, 23 जून (हि.स.)। निर्जला एकादशी के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल रेलगाड़ी संचालित की जाएगी तथा रींगस रेलवे स्टेशन पर 50 अतिरिक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूजा मित्तल ने बताया कि निर्जला एकादशी के दौरान खाटूश्यामजी में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त यात्री भार के प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। स्पेशल रेलगाड़ी के संचालन से श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा। उन्होंने बताया कि खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख रेल केंद्र रींगस रेलवे स्टेशन है। यहां यात्रियों के सुचारू आवागमन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 50 अतिरिक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। यह स्टाफ टिकट जांच, यात्री मार्गदर्शन, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा।

रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया है। प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों की विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखा गया है तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।

आरपीएफ ने स्टेशन परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा प्लेटफॉर्मों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story