निर्जला एकादशी गुरूवार को, होगा दान-पुण्य

WhatsApp Channel Join Now
निर्जला एकादशी गुरूवार को, होगा दान-पुण्य


जोधपुर, 24 जून (हि.स.)। शहर में गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ निर्जला एकादशी मनाई जाएगी। हिंदू धर्म में सभी एकादशियों में सर्वश्रेष्ठ मानी जाने वाली इस तिथि पर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना, व्रत और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। वहीं मंदिरों में निर्जला एकादशी पर विशेष सजावट की जाएगी।

मान्यता है कि निर्जला एकादशी का विधि-विधान से किया गया व्रत वर्षभर की 24 एकादशियों के समान पुण्य प्रदान करता है। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। श्रद्धालु सुबह से ही भगवान विष्णु के दर्शन, पूजा-अर्चना, मंत्र जाप और दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि एवं मोक्ष की कामना करेंगे।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में भीमसेन ने महर्षि वेदव्यास के कहने पर यह व्रत किया था। इसी कारण इसे भीमसेनी एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किए भगवान विष्णु की आराधना करने का विधान है। धर्माचार्यों के अनुसार निर्जला एकादशी पर जल से भरा घड़ा, छाता, पंखा, फल, शक्कर, वस्त्र और अन्न का दान अत्यंत शुभ माना जाता है। भीषण गर्मी के बीच प्यासे लोगों को पानी पिलाना भी इस दिन विशेष पुण्यदायी माना गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story