निफ्ट कार्यशाला : महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से भारत बनेगा आत्मनिर्भर : सिद्धार्थ पलनिचामी

WhatsApp Channel Join Now
निफ्ट कार्यशाला : महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से भारत बनेगा आत्मनिर्भर : सिद्धार्थ पलनिचामी


जोधपुर, 03 दिसम्बर (हि.स.)। आज महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत है। महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने पर ही महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा और तब ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा यह कहना था जोधपुर नगर निगम आयुक्त आईएएस सिद्धार्थ पलनिचामी एस का। वे बुधवार को निफ्ट जोधपुर एवं नगर निगम जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय महिला स्वयं सहायता समूह के लिए डिज़ाइन विकास कार्यशाला के समापन समारोह में ऑनलाइन बोल रहे थे।

आईएएस सिद्धार्थ पलनिचामी एस ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण महिलाओं एवं किशोरियों के सर्वांगीण विकास व सशक्तिकरण की ओर एक मजबूत कदम है। इस मौके पर निफ्ट जोधपुर के निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने कहा कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक है कि वह आर्थिक रूप से स्वावलम्बी हों। यह प्रशिक्षण महिलाओं के लिए आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है और ऐसे प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें कम लागत में घरेलू स्तर पर अपना छोटा व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करते है।

महिलाओं ने खुद बनाए बैग, निफ्ट में लगाई डिस्प्ले :

प्रो. प्रसाद ने बताया कि इस परियोजना में स्वयं सहायता समूह की 15 महिलाओं को शामिल किया गया है, इस परियोजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व रोजगार तथा स्वावलंबन के लिए घरेलू उपलब्ध वेस्ट मैटेरियल के द्वारा बैग निर्माण करना था। इस परियोजना में महिलाओं ने टपली बेग, हैण्ड बेग, किंट बेग, लगेज बेग और लेपटॉप बेग का निर्माण किया। इसके बाद 15 महिलाओं ने 100 से अधिक खुद से बनाये बैग्स की निफ्ट में डिस्पले भी लगाई।

प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर डॉ. शीतल सोनी ने बताया कि 17 नवंबर से 3 दिसंबर 2025 तक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की गई थी। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक महिला सदस्य को मेकिंग किट, फैब्रिक एवं अन्य आवश्यक सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई गई। कार्यशाला में सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किये गए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story