निकाय चुनाव द्वितीय चरण: धोरीमन्ना में मतदान का उत्साह चरम पर, उदयपुर नगर निगम में सबसे धीमी रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
निकाय चुनाव द्वितीय चरण: धोरीमन्ना में मतदान का उत्साह चरम पर, उदयपुर नगर निगम में सबसे धीमी रफ्तार


जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का सियासी महासंग्राम आज सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है। पहले चरण में रिकॉर्ड 76.41 प्रतिशत मतदान के बाद अब दूसरे चरण में 147 निकायों के 4,774 वार्डों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रदेश के 9,758 मतदान केंद्रों पर 87.60 लाख से अधिक मतदाता 18,266 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे। इस बीच सुबह दस बजे तक मतदान प्रतिशत की सूची में बाड़मेर जिले की धोरीमन्ना नगर पालिका ने सबसे अधिक मतदान के साथ बाजी मारी है, जबकि उदयपुर नगर निगम में मतदान की रफ्तार सबसे धीमी रही।

निर्वाचन विभाग की ओर से जारी सुबह दस बजे तक मतदान प्रतिशत के अनुसार बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगर पालिका में 44.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह दूसरे चरण में सूचीबद्ध सभी निकायों में सर्वाधिक है। धोरीमन्ना के बाद अलवर जिले की बड़ौदामेव नगर पालिका 44.02 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रही। गंगानगर जिले की गजसिंहपुर नगर पालिका में 42.51 प्रतिशत तथा झालावाड़ जिले की मनोहरथाना नगर पालिका में 42.34 प्रतिशत मतदान हुआ। फलोदी जिले की बाप नगर पालिका में भी 41.62 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

दूसरी ओर उदयपुर नगर निगम में सबसे कम 12.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ नगर पालिका में 13.95 प्रतिशत, कोटा नगर निगम में 14.55 प्रतिशत और अजमेर नगर निगम में 14.58 प्रतिशत मतदान रहा। जयपुर नगर निगम में भी मतदान का आंकड़ा 16.23 प्रतिशत तक ही पहुंच सका।

दूसरे चरण में जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर जैसे छह प्रमुख नगर निगमों सहित कई महत्वपूर्ण जिलों के मतदाता मतदान कर रहे हैं। प्रमुख नगर निगमों के शुरुआती मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो उदयपुर नगर निगम 12.06 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है। कोटा नगर निगम में 14.55 प्रतिशत, अजमेर नगर निगम में 14.58 प्रतिशत और जयपुर नगर निगम में 16.23 प्रतिशत मतदान हुआ। बड़े शहरों में अपेक्षाकृत कम मतदान प्रतिशत ने चुनावी गतिविधियों के बीच मतदाताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सुबह 10.40 बजे जयपुर के केशवनगर सामुदायिक भवन स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला, वोट डालने के बाद राज्यपाल ने मतदान को लोकतंत्र का सबसे पावन पर्व बताया और प्रदेशवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही। दूसरे चरण के मतदान के दौरान प्रदेश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों पर पहुंचे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने पत्नी सुषमा महाजन और पुत्री महिका महाजन के साथ मतदान किया। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पोद्दार मूक बधिर स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि इस बार प्रशासन की ओर से अच्छे इंतजाम किए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली जिले के सुमेरपुर में मतदान किया। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। बिरला वार्ड नंबर 83 के मतदाता हैं और अपने निवास के नजदीक स्थित स्प्रिंगडेल्स स्कूल के मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचे। उन्होंने लाइन में लगकर मतदान करने के साथ वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की।

जोधपुर में भी सियासी दिग्गज मतदान केंद्रों पर पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मतदान किया, वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों नेताओं के मतदान के दौरान राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चाएं बनी रहीं।

कोटा के इंद्र विहार स्थित शिव ज्योति स्कूल में वार्ड नंबर 94 के मतदान केंद्र पर ऊर्जा मंत्री ने वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने पूर्व नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल पर तीखा हमला बोला। ऊर्जा मंत्री ने आरोप लगाया कि धारीवाल ने केवल ‘कंगूरे’ लगा दिए और उसे विकास बता दिया, जबकि बुनियादी काम अधूरे हैं। उनके बयान के बाद कोटा की स्थानीय राजनीति में चुनावी बहस और तेज होने के संकेत मिले हैं।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में इस बार ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब दूसरे चरण में प्रदेश के 147 निकायों के मतदाता अपने-अपने वार्डों में पार्षद चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे, जिसके बाद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story