नर्सेज एसोसिएशन ने उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
नर्सेज एसोसिएशन ने उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन


जोधपुर, 29 जून (हि.स.)। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर के अध्यक्ष जगदीश जाट के नेतृत्व में उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक को नर्सिंग अधिकारी वर्ग एवं अन्य चिकित्सा कार्मिकों से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक एवं कार्यस्थल संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से चाइल्ड केयर लीव की स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने, वरिष्ठता के आधार पर कार्यवाहक नर्सिंग अधीक्षक की नियुक्ति, तथा हेल्पर, एसी, पंखों एवं अन्य रखरखाव कार्यों की जवाबदेही संबंधित एजेंसियों पर तय करने की मांग की गई है, ताकि वार्ड प्रभारियों एवं नर्सिंग अधिकारियों पर अनावश्यक प्रशासनिक दबाव न बनाया जाए।

इसके अतिरिक्त संगठन ने मांग की है कि नर्सिंग अधिकारी वर्ग एवं अन्य चिकित्सा कार्मिकों के प्रशासनिक कार्य, जैसे एसीपी, एमएसीपी, फिक्सेशन, सीसीएल, सर्विस बुक, बकाया अवकाश सूचना सहित अन्य सभी सेवा संबंधी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित किए जाएं तथा कर्मचारियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए प्रभावी एवं समयबद्ध प्रशासनिक व्यवस्था लागू की जाए। संगठन ने अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सभी राजकीय कर्मचारियों के लिए समान पार्किंग सुविधा, पार्किंग कर्मियों द्वारा सम्मानजनक व्यवहार तथा अस्पताल परिसर में बाहरी वाहनों के अनावश्यक जमावड़े पर रोक लगाने की भी मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story