नगर परिषद में अब फाइलें नहीं अटकेंगी, सात दिन में निस्तारण के निर्देश, ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
नगर परिषद में अब फाइलें नहीं अटकेंगी, सात दिन में निस्तारण के निर्देश, ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी


नगर परिषद में अब फाइलें नहीं अटकेंगी, सात दिन में निस्तारण के निर्देश, ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी


डूंगरपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नगर परिषद में अब फाइलों के निस्तारण से लेकर कार्यालय अनुशासन तक व्यवस्था सुधारने पर जोर रहेगा। पट्टे, उपविभाजन, नामांतरण और निर्माण स्वीकृति से जुड़ी फाइलों को सात दिन में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभापति सुशीला गुप्ता ने लंबित प्रकरणों का निपटारा कर जीरो पेंडेंसी का लक्ष्य हासिल करने और शहरवासियों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाने पर जोर दिया।

नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को हुई बैठक में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता ने भी अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ समय पर काम पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी लेकर किया गया काम समय पर पूरा होता है। बैठक में आयुक्त ललित सिंह देथा सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में कामकाज की समय सीमा तय करने, पुरानी फाइलों के निस्तारण और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

सभापति सुशीला गुप्ता ने कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने और आईडी कार्ड बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी हर अधिकारी-कर्मचारी की है। कार्मिक वार्डों में जाकर पार्षदों के साथ सफाई और अन्य समस्याओं की जानकारी लें तथा उनके समाधान के लिए काम करें। उद्देश्य यह है कि कार्यालय की कार्यप्रणाली सुधरने के साथ आमजन की समस्याओं का भी समय पर निस्तारण हो।

खुले में कचरा फेंकने वालों पर रोक लगाने के लिए पोर्टेबल कैमरों से निगरानी और जुर्माने की व्यवस्था की गई है। गंदगी से भरे खाली भूखंडों की सफाई करवाकर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। केके गुप्ता ने शहर में स्वच्छता और सुंदरता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।

शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए गैप सागर की पाल, नानाभाई पार्क और बर्ड सेंचुरी में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। नगर परिषद का प्रयास इन स्थलों को आकर्षक बनाकर पर्यटन को बढ़ावा देना है। आयुक्त ललित सिंह देथा ने लंबित कार्यों का समय पर निस्तारण करने और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित कार्यों के साथ प्रतिदिन दो घंटे स्वच्छता गतिविधियों के लिए देने के निर्देश दिए। बैठक में तय समय सीमा के अनुसार काम पूरा करने और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story