नगर निगम चुनाव के लिए निकाली 100 वार्डों की आरक्षण लॉटरी, राजनीतिक समीकरण बदले

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम चुनाव के लिए निकाली 100 वार्डों की आरक्षण लॉटरी, राजनीतिक समीकरण बदले


जोधपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में 100 वार्डों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई है। लॉटरी जिला कलेक्टर आलोक रंजन की मौजूदगी में स्कूल बालिका द्वारा निकाली गई। लॉटरी के बाद अलग-अलग वार्डों में एससी, एसटी, ओबीसी और महिला आरक्षण तय हो गया है। अब पार्षद का चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे दावेदार भी अपने-अपने वार्ड का आरक्षण देखकर आगे की रणनीति बना सकेंगे। आरक्षण की सूची सामने आने के बाद कई वार्डों में राजनीतिक समीकरण भी बदल गए हैं।

लॉटरी में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए कुल 13 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। इनमें 9 वार्ड एससी के लिए और 4 वार्ड एससी महिला के लिए रखे गए हैं। एससी के वार्ड नंबर 01, 26, 34, 35, 39, 83, 86, 87 और 88 हैं। वहीं एससी महिला के लिए वार्ड 02, 32, 76 और 91 आरक्षित हुए हैं। इन वार्डों में अब उम्मीदवारों की दावेदारी भी इसी आरक्षण के हिसाब से तय होगी। वहीं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 2 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड नंबर 04 और 06 शामिल हैं। इनमें वार्ड 04 को एसटी महिला के लिए आरक्षित किया गया है और वार्ड 06 एसटी श्रेणी के लिए रहेगा।

ओबीसी के 20 वार्डों में महिलाओं को भी आरक्षण

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए कुल 20 वार्ड रखे गए हैं। इनमें 13 सामान्य ओबीसी और 7 ओबीसी महिला वार्ड शामिल हैं। ओबीसी वार्ड 08, 10, 19, 20, 21, 36, 50, 53, 62, 65, 70, 74 और 92 हैं। वहीं ओबीसी महिला के लिए 29, 30, 41, 60, 61, 89 और 90 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। लॉटरी में सामान्य महिला वर्ग के लिए भी 22 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड 03, 11, 12, 13, 14, 24, 33, 44, 46, 48, 51, 52, 56, 57, 59, 68, 71, 78, 85, 95, 97 और 99 शामिल हैं। आरक्षण की सभी श्रेणियों को अलग करने के बाद 43 वार्ड सामान्य पुरुष वर्ग के लिए बचते हैं। इस तरह 100 वार्डों की पूरी तस्वीर अब साफ हो गई है।

मेयर पद सामान्य होने से दिग्गजों का गणित बिगड़ा

नगर निगम चुनाव के लिए मेयर पद की लॉटरी निकलने के बाद अब शहर के सौ वार्डों के आरक्षण की तस्वीर भी साफ हो गई है। मेयर का पद सामान्य आने के बाद जातिगत समीकरण भी भाजपा-कांग्रेस की मशक्कत बढ़ाएगा। सामान्य व सामान्य वर्ग की महिला के लिए कुल 65 वार्ड होंगे, जबकि एससी-एसटी व ओबीसी (पुरुष व महिलाएं) 35 वार्डों में तो चुनाव लड़ ही सकेंगे, साथ ही उनके लिए सामान्य में भी नामांकन दाखिल करने का रास्ता खुला रहेगा। आरक्षित वार्डों में 13 वार्ड अनुसूचित जाति के है, इनमें 4 महिलाओं के लिए है, जबकि अनुसूचित जनजाति के लिए दो वार्ड है। इसमें एक महिला के लिए आरक्षित है। इसी तरह से ओबीसी के 20 वार्डों में 7 महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।

पंचायती राज संस्थाओं के आरक्षण की लॉटरी 17 व 18 सितम्बर को

जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों एवं पंचायत समिति प्रधान के पदों के लिए आरक्षण निर्धारण की लॉटरी 17 सितम्बर को निकाली जाएगी। इसी प्रकार उपखण्ड स्तर पर ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए आरक्षण निर्धारण की लॉटरी 18 सितम्बर को निकाली जाएगी। विभाग के अनुसार राज्य के नगरीय निकायों के अध्यक्ष पदों तथा जिला परिषदों के जिला प्रमुख पदों के लिए आरक्षण निर्धारण एवं लॉटरी की प्रक्रिया 13 अगस्त को पूर्ण की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story