धौलपुर में श्रद्धा एवं उत्साह से निकाली भगवान परशुराम की शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर में श्रद्धा एवं उत्साह से निकाली भगवान परशुराम की शोभायात्रा


धौलपुर, 22 जून (हि.स.)। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को धौलपुर में भगवान परशुराम की शोभायात्रा श्रद्वा और उल्लास के साथ निकाली गई। भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति द्वारा आयोजित शोभायात्रा में धौलपुर जिले सहित राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान परशुराम शोभायात्रा का शुभारंभ महात्मानंद की बगीची के पास स्थित मनी वाटिका में भगवान परशुराम के पूजन-अर्चन, वैदिक मंत्रोच्चार एवं संत-महात्माओं के पावन सान्निध्य में हुआ।

इस अवसर पर श्री श्री 1008 पागल बाबा महाराज, पूज्य देवकीनंदन ठाकुर महाराज, संत हनुमान दास महाराज, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत,भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख किशनचंद शर्मा, पूर्व विधायक बाड़ी गिर्राज सिंह मलिंगा तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी रानू पाराशर सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहे। अपने उदबोधन में पूज्य देवकीनंदन ठाकुर महाराज ने कहा कि भगवान परशुराम केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन संस्कृति के गौरव एवं धर्मरक्षा के प्रतीक हैं। जब समाज अपने महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारता है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है। उन्होंने संगठन, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक जागरण पर विशेष बल देते हुए युवाओं से सनातन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सत्य की स्थापना तथा राष्ट्रधर्म के पालन का प्रेरणादायी संदेश देता है। सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संचालन भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के संरक्षक विशंभर दयाल शर्मा द्वारा किया गया। शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं शोभायात्रा संयोजक हरी निवास प्रधान ने आयोजन में पधारे अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

शोभायात्रा में तीन बैंड, छह आकर्षक एवं मनमोहक धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियां तथा भगवान परशुराम का अलौकिक एवं भव्य डोला श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। बैंड की मधुर धुनों, वैदिक मंत्रोच्चार एवं भगवान परशुराम के जयघोषों से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। अंत में भगवान परशुराम जी की महाआरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को विशाल भोजन प्रसादी वितरित की गई। आयोजन में संरक्षक श्रीनिवास शर्मा, महासचिव सतीश दीक्षित एवं संजय दीक्षित, समाजसेवी सोमेन्द्र तिवारी,रामगोपाल शर्मा एवं राजेश शर्मा महदपुरा सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story