दो दिन पश्चिम विक्षोभ के असर से छाएंगे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बादल
जयपुर, 16 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश में चल रही उत्तरी हवाएं अब कमजोर पडऩे लगी है। इससे प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पारा बढऩे से आमजन को तेज सर्दी से थोडी राहत मिलना शुरू हो गई। प्रदेश के 11 शहरों का रात का पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 3 डिग्री के साथ अलवर और फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ का असर 17-18 जनवरी को राज्य के उत्तरी, पश्चिमी भागों में देखने को मिलेगा। इसके असर से कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। सर्दी और कोहरे के चलते हनुमानगढ़ कलेक्टर ने 5वीं तक के बच्चों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार अलवर और फतेहपुर के अलावा वनस्थली, सीकर, माउंट आबू, नागौर, जालोर, करौली, दौसा, लूणकरणसर और पाली का रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। अधिकांश शहरों के दिन और रात के तापमान में एक से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 29.6 डिग्री के साथ जोधपुर का दिन और 11.6 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 17 जनवरी से सर्द हवा और कमजोर होगी और तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ 17-18 जनवरी को राज्य के उत्तरी, पश्चिमी भागों में एक्टिव होगा। इसके असर से कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं 22 से 24 जनवरी के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
जयपुर के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे आमजन को तेज सर्दी से हल्की राहत मिली है। जयपुर के दिन के तापमान में 0.2 और रात के तापमान में 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

