देवउठनी एकादशी पर चार माह की योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु

WhatsApp Channel Join Now
देवउठनी एकादशी पर चार माह की योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी यानी देव प्रबोधिनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि चार माह की योगनिद्रा के बाद इस दिन भगवान विष्णु जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। देवउठनी एकादशी का विशेष संबंध तुलसी-शालिग्राम विवाह से भी है। इस दिन घरों और मंदिरों में श्रद्धालु विधि-विधान से तुलसी विवाह का आयोजन करते हैं।

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार देवउठनी एकादशी पर तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराना धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना जाता है। हिंदू धर्म शास्त्रों में तुलसी के पौधे को पवित्र और पूजनीय स्थान दिया गया है। भगवान विष्णु की पूजा और भोग में तुलसी दल का विशेष महत्व है। मान्यता है कि तुलसी दल के बिना भगवान विष्णु का भोग अधूरा माना जाता है।

पंडित शर्मा ने बताया कि तुलसी-शालिग्राम विवाह के पीछे एक प्राचीन पौराणिक कथा प्रचलित है। कथा के अनुसार वृंदा नामक कन्या का विवाह जलंधर नामक असुर से हुआ था। वृंदा भगवान विष्णु की अनन्य भक्त और पतिव्रता स्त्री थीं, जबकि जलंधर अत्यंत शक्तिशाली और अत्याचारी था। उसके अत्याचारों से देवता भी परेशान थे। वृंदा के सतीत्व और पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर को विशेष शक्ति प्राप्त थी, जिसके कारण देवताओं के लिए उसे पराजित करना कठिन हो रहा था।

जलंधर के अत्याचारों से मुक्ति पाने के लिए देवता भगवान विष्णु के पास पहुंचे। पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु ने माया से जलंधर का रूप धारण कर वृंदा के पतिव्रत धर्म को खंडित कर दिया। इसके बाद देवताओं के लिए जलंधर का वध करना संभव हो सका।

जब वृंदा को भगवान विष्णु की इस लीला का पता चला तो उन्होंने क्रोधित होकर उन्हें पत्थर की शिला बन जाने का श्राप दे दिया। मान्यता है कि इसी श्राप के कारण भगवान विष्णु शालिग्राम स्वरूप में पूजे जाने लगे। माता लक्ष्मी के अनुरोध पर वृंदा ने भगवान विष्णु को श्राप से मुक्त कर दिया, लेकिन स्वयं अपने पति के साथ सती हो गईं। कहा जाता है कि वृंदा की चिता की राख से तुलसी के पौधे की उत्पत्ति हुई। तभी से तुलसी को अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना जाने लगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वृंदा ने तुलसी के रूप में पृथ्वी पर पुनः अवतार लिया। इसके बाद देवताओं ने कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ संपन्न करवाया। तभी से देवउठनी एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा चली आ रही है। इस दिन श्रद्धालु तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाते हैं और शालिग्राम को वर के रूप में स्थापित कर विवाह की सभी रस्में निभाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी-शालिग्राम विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि और मंगल बना रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story