डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर होगा छात्र सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर होगा छात्र सम्मेलन


जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सोमवार को जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर “छात्र सम्मेलन” का आयोजन किया जाएगा। विधानसभा के नजदीक स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित सम्मेलन प्रात: 10 बजे से शुरू किया जाएगा। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने बताया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती युवाओं और छात्र शक्ति के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष छात्र सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसमें प्रदेशभर से युवा और छात्र हिस्सा लेंगे।

भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ उपस्थित रहेंगे। वहीं, मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार का मार्गदर्शन और सानिध्य युवाओं को प्राप्त होगा।

इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र निर्माण में छात्रों की भूमिका को रेखांकित करना और डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है। संगठन द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story