ट्रक को ओवरटेक करने की होड़ में बाइक सवार दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक को ओवरटेक करने की होड़ में बाइक सवार दो युवकों की मौत


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। रामसीन-भीनमाल मार्ग पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों को ट्रक से आगे निकलने की कोशिश भारी पड़ गई। ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आइशर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक भी सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

हादसा रामसीन थाना क्षेत्र में हुआ। भीनमाल की ओर से एक आइशर ट्रक रामसीन की तरफ आ रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे।

हादसे में सिरोही जिले के हनुमान वास गोलिया निवासी जीतू सिंह पुत्र वचन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी ईश्वर पुत्र तगाराम को गंभीर हालत में एम्बुलेंस से भीनमाल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दो युवकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

बाइक से टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलटी खा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रक के पीछे बैठे दो मजदूरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही रामसीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया तथा परिजनों को सूचना दी। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसा ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान होना बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story