ज्ञान पंचमी पर होगी ज्ञान ग्रंथों और उपकरणों की सजावट

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान पंचमी पर होगी ज्ञान ग्रंथों और उपकरणों की सजावट


वासुपूज्य स्वामी चल मंदिर व रत्नप्रभ धर्म क्रिया भवन में होगा ज्ञान महापर्व का आयोजन

जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। पाल रोड स्थित वासुपूज्य स्वामी चल मंदिर एवं क्रिया भवन में श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक तपागच्छ संघ के तत्वावधान में ज्ञान पंचमी पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञान साहित्य, प्राचीन ग्रंथों, आगम सूत्रों एवं ज्ञान उपकरणों की सजावट कर विशेष पूजा-अर्चना और आराधना की जाएगी।

संघ प्रवक्ता धनराज विनायकिया ने बताया कि पाल रोड स्थित वासुपूज्य स्वामी चल मंदिर एवं नगर स्थित रत्नप्रभ धर्म क्रिया भवन में ज्ञान, आराधना और साधना के महापर्व ज्ञान पंचमी को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान प्राचीन ज्ञान ग्रंथों, साहित्य और आगम सूत्रों का आकर्षक श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही कागज, कलम, स्याही सहित हाथों से निर्मित विभिन्न पारंपरिक ज्ञान उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन उपकरणों को बनाने में बिजली का उपयोग नहीं किया गया है।

इस अवसर पर धार्मिक ज्ञान पुस्तकों का लोकार्पण धार्मिक पुस्तकालय प्रभारी अमृतराज गौलिया, विनोद कुमार मेहता, अनुपम चौरडिय़ा एवं संघ प्रवक्ता धनराज विनायकिया, नरेश हिरण सहित अन्य सदस्यों ने किया। ज्ञान पंचमी पर ज्ञान की महिमा का गुणगान करते हुए विशेष धार्मिक क्रियाएं एवं आराधना की जाएगी।

संघ सचिव उम्मेद रांका, नरेश हिरण, अमृतराज गौलिया एवं धनराज विनायकिया ने संघ ट्रस्ट मंडल की ओर से सभी धर्मप्रेमियों एवं इच्छुक लाभार्थियों से आयोजन में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story