जोधपुर शहर में बदला अचानक मौसम, सुबह बादल और बारिश : दोपहर में खिली धूप
जोधपुर, 30 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से शहर का मौसम आज सुबह अचानक बदल गया। सोमवार सुबह बारिश के चलते वातावरण सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
शहर के विभिन्न इलाकों में आज सुबह रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रहा। आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की गई। अचानक बदले मौसम के कारण लोग बारिश से बचने के प्रयास करते नजर आए। कई जगहों पर लोग छाता और रेनकोट का सहारा लेते दिखे, वहीं सडक़ों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही रही। जोधपुर शहर में बादलों की आवाजाही के चलते धूप नहीं खिली। वहीं हल्की ठंडी हवाएं भी चलने लगी। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह बदलता रह सकता है। मौसम विभाग की ओर से जोधपुर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

