जोधपुर शहर में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर निकाला जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर शहर में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर निकाला जुलूस


श्रमिक संगठनों ने दिखाई एकजुटता, लाल सलाम के गूंजे नारे

जोधपुर, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शुक्रवार को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों ने जुलूस निकाला। केन्द्रीय एवं प्रदेश स्तरीय ट्रेड यूनियन संगठनों द्वारा एकजुटता दिखाते हुए संयुक्त रूप से जुलूस निकाला गया। श्रमिकों में मुख्य रूप से विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, विभागों तथा क्षेत्रों में कार्यरत असंगठित श्रमिक थे जो साधारणतया श्रम कानूनों के तहत विनिर्दिष्ट आठ घंटे काम करने के अधिकार से वंचित है तथा जिनसे नियमों के विपरीत आठ घंटे से अधिक कार्य लिया जाता है।

सभी श्रमिक संगठन व उनसे जुड़े अन्य संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी आज सुबह रेलवे स्टेशन रोड़ स्थित नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन के कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से जुलूस निकाला गया। जुलूस नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन कार्यालय पर झण्डारोहण की रस्म तथा शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि के साथ के साथ आरंभ हुआ। इससे पूर्व केन्द्रीय श्रम संगठनों का एक दल जालोरी गेट स्थित स्व. राधाकृष्ण बोहरा तात् स्मारक पहुंचा और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

यह जुलूस राजरणछोड़दास मंदिर, पुरी तिराहा व नई सडक़ चौराहा होता हुआ मजदूर मैदान पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गया। सभा को वक्ताओं ने सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों को लेकर संबोधित किया। वक्ताओं ने सभा में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में काम के घंटे आठ के अधिकार को सुनिश्चित करने, विनाशकारी आर्थिक नीतियों तथा निजीकरण पर रोक लगाने, सार्वजनिक उपक्रमों पर हमले बंद करने, श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी संशोधनों को वापस लेने, ठेकेदारी प्रथा पर रोक लगाने, केन्द्रीय जांच एजेन्सियों का दुरूपयोग बंद करने, नई पेन्शन योजना वापस लेकर ओपीएस लागू करने सहित श्रमिक समस्याओं के निवारण की मांग की गई तथा इसके लिये एकता व संघर्ष की राह पर चलकर दुनियां के मजदूरों एक हो का नारा बुलंद कर साम्प्रदायिक शक्तियों को परास्त करने का आह्वान किया गया।

मजदूर दिवस के उपलक्ष्य पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जोधपुर ऑटो रिक्शा यूनियन, कमठा मजदूर यूनियन, सेनेटरी यूनियन एवं सीआईटीयू यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को राजीव गांधी स्टैच्यू सर्किल, नई सडक़ से द्वारकेश व्यास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली नई सडक़ से होते हुए घंटाघर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां एक आम सभा का आयोजन किया गया। सभा को उमराव खां, द्वारकेश व्यास, शहजाद अली, ताज मोहम्मद, निजामुद्दीन अब्बासी, राजकुमार, मोहम्मद आरिफ, गोपाल किशन, मोइनुद्दीन अब्बासी, कालू, रशीद और गोवर्धन आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story