जोधपुर में बदली पंचायत चुनावों की तारीख, रिजल्ट वोटिंग के दिन ही

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर में बदली पंचायत चुनावों की तारीख, रिजल्ट वोटिंग के दिन ही


जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 22 अक्टूबर को

जोधपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर जिले में होने वाले पंचायत चुनाव की तारीखों में बदलाव किया गया है। ये चुनाव दो चरणों में ही होंगे। लेकिन, अब पहले और दूसरे चरण की वोटिंग 22 और 24 अक्टूबर को तय की गई है। नई तारीख के अनुसार पहले चरण में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए 22 अक्टूबर और पंच व सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को वोटिंग होगी। इसी तरह दूसरे चरण के लिए वोटिंग की तारीख भी बदली है। अब दूसरे चरण में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदातन 28 अक्टूबर और पंच व सरपंच के चुनाव के लिए 30 अक्टूबर को होगा।

पंच/सरपंच के चुनाव का रिजल्ट वोटिंग के दिन ही आ जाएगा। वहीं पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य के चुनाव परिणाम देवउठनी एकादशी के दिन 20 नवंबर को आएगा। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और प्रधान के चुनाव 27 नवंबर को होंगे। बता दे कि जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान पद और 43 जिला परिषद वार्डों की लॉटरी निकाली जा चुकी है। इससे पहले 13 अगस्त को जिला प्रमुख पद के लिए जयपुर में लॉटरी निकाली जा चुकी है। ये पद अनारक्षित ओपन के लिए रिजर्व हुआ है। जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का रिजर्वेशन भी तय हो चुका है। जिले में पंचायत समिति प्रधान के लिए एससी ओपन की 2, एससी महिला की 2, एसटी ओपन की 1 सीट निर्धारित की गई है। वहीं ओबीसी ओपन की 2, ओबीसी महिला की 2 सीटें तय की गई हैं जबकि 7 सीटें अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व की गई हैं। 7 सीट ही अनारक्षित ओपन रहेंगी।

धनतेरस पर्व के संबंध में धार्मिक आस्था एवं जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तीनों चरणों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान से पूर्व पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान की तिथियां एक दिन पूर्व निर्धारित की गई हैं। शेष घोषित चुनाव कार्यक्रम यथावत रहेगा। अब प्रथम चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 22 अक्टूबर के बजाय 21 अक्टूबर को, द्वितीय चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 28 अक्टूबर के बजाय 27 अक्टूबर को तथा तृतीय चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 3 नवंबर के बजाय 2 नवंबर को होगा। तृतीय चरण में जिला परिषद/ पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान 3 नवंबर और पंच/ सरपंच के लिए मतदान 5 नवम्बर को होगा। केवल वार्ड पंचों के द्वारा उप सरपंच का अप्रत्यक्ष चुनाव 6 नवम्बर को पूर्वाह्न में होगा। शेष घोषित कार्यक्रम यथावत रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story