जैसलमेर में भव्य शोभायात्रा के साथ हिंगलाज महोत्सव का हुआ आगाज

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर में भव्य शोभायात्रा के साथ हिंगलाज महोत्सव का हुआ आगाज


जैसलमेर में भव्य शोभायात्रा के साथ हिंगलाज महोत्सव का हुआ आगाज


जैसलमेर, 24 सितंबर (हि.स.)। श्री ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज द्वारा कुलदेवी मां हिंगलाज की आराधना को समर्पित वार्षिक हिंगलाज महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। भादवा सुदी त्रयोदशी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस पारंपरिक महोत्सव में इस बार समाज की अभूतपूर्व एकजुटता और अनूठी सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लौद्रवा स्थित प्राचीन हिंगलाज मंदिर में भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भाग लेने के लिए पूरे भारतवर्ष से समाज बंधु जैसलमेर पहुंचे हैं।

महोत्सव के प्रथम चरण में गुरुवार प्रातः ठीक 9 बजे शहर के ऐतिहासिक हनुमान चौराहे से एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा को समाज अध्यक्ष सत्यनारायण दड़ा, पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर बिछड़ा, उपाध्यक्ष धनपतराज दड़ा, मंत्री अमरचन्द कीरी, सहमंत्री मोहनलाल भूत, कोषाध्यक्ष मोहनलाल बिछड़ा, संगठन मंत्री ओमप्रकाश धणदे, डॉ. दामोदर खत्री तथा वरिष्ठ समाजसेवी मूलचंद बिछड़ा सहित समाज के अन्य गणमान्य पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से मां हिंगलाज की ध्वजा दिखाकर रवाना किया।

यह शोभायात्रा हनुमान चौराहे से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों, गांधी चौक, गोपा चौक, आसानी रोड और सुथार पाड़ा होते हुए गांधी कॉलोनी स्थित हिंगलाज मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में शहरवासियों और स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। शोभायात्रा का नेतृत्व ऊंट एवं घोड़ों पर सवार पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के उत्साही युवाओं ने किया। उनके पीछे मंगल कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं और बालिकाएं कतारबद्ध होकर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव और मनोरम झांकियां पूरे शहर के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं।

जैसलमेर के अलावा देश के विभिन्न राज्यों व अन्य शहरों से आए अतिथि भी इस शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे समाज की सुदृढ़ एकता का परिचय मिला। गांधी कॉलोनी स्थित हिंगलाज मंदिर पहुंचने पर सभी श्रद्धालुओं ने मां हिंगलाज की महाआरती की, विशेष पूजा-अर्चना की और इसके बाद सामूहिक भोजन प्रसादी ग्रहण की। महोत्सव के दूसरे चरण में समाज के हजारों बंधुओं ने सपरिवार लौद्रवा स्थित प्राचीन हिंगलाज मंदिर की ओर प्रस्थान किया।

खत्री समाज के अध्यक्ष सत्यनारायण दड़ा ने बताया कि लौद्रवा परिसर में समाज द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं, पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम और समाज की होनहार प्रतिभाओं का सम्मान व अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में हिंगलाज मंडल, एकता मंडल और महिला मंडल के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर कड़ी मेहनत की, जिसकी समाज के वरिष्ठ जनों ने मुक्तकंठ से सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story