जेएनवी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 23 अक्टूबर से

WhatsApp Channel Join Now
जेएनवी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 23 अक्टूबर से


जोधपुर, 06 जून (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का पोस्टर आज जारी किया गया। यह सम्मेलन 23, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित आयोजन राजस्थान एसोसिएशन फॉर स्टडीज़ इन इंग्लिश के 23वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। पोस्टर विमोचन के साथ ही इस वैश्विक शैक्षणिक आयोजन की औपचारिक तैयारियों का शुभारंभ हो गया।

पोस्टर का विमोचन जेएनवीयू के कुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, आरएएसई के उपाध्यक्ष प्रो. हेमेन्द्र चंदालिया, अंग्रेज़ी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. सतीश कुमार हरित, आयोजन सचिव डॉ. विवेक पहाडिय़ा तथा सह-आयोजन सचिव डॉ. विभा भूत द्वारा किया गया।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य साहित्यिक एवं ऑडियो-विज़ुअल माध्यमों में कथा-वाचन और उसकी विविध अभिव्यक्तियों पर गंभीर विमर्श के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के माध्यम से संवाद, आलोचनात्मक दृष्टिकोण और अंतर्विषयी सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक आदान-प्रदान को नई दिशा प्राप्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story