जेएनवीयू में 80 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षकों का किया सम्मान
जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय पेंशनर्स सोसाइटी की ओर से 80 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी पेंशन संबंधी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय के बाहर पेंशन से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और लंबित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
सोसायटी के अध्यक्ष प्रोफेसर रामनिवास शर्मा व संयोजक अशोक व्यास ने बताया कि केंद्रीय कार्यालय में पेंशनर्स सोसाइटी द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान किया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स को पिछले 4 महीने 29 दिन से पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। सभी पेंशनर्स में विश्वविद्यालय के इस रवैया पर आक्रोश है। सभी वरिष्ठ नागरिक गंभीर आर्थिक संकट का सामना करने को मजबूर हैं। बार-बार विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर तुरंत भुगतान हेतु निवेदन किया जा रहा है लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई निश्चित तिथि नहीं बताई गई है। सभी वरिष्ठ नागरिक पिछले 4 महीने से पेंशन भुगतान नहीं होने के कारण गंभीर वित्तीय संकट होने के कारण दवाई खर्च और घर खर्च करने में मुश्किलों का सामना करने को मजबूर है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

