जीजीटीयू परीक्षा परिणाम गड़बड़ी को लेकर एबीवीपी ने उठाई आवाज

WhatsApp Channel Join Now
जीजीटीयू परीक्षा परिणाम गड़बड़ी को लेकर एबीवीपी ने उठाई आवाज


डूंगरपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (जीजीटीयू), बांसवाड़ा के परीक्षा परिणामों में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के बैनर तले श्री भोगीलाल पंडया राजकीय महाविद्यालय और राजकीय वीरबाला काली बाई कन्या महाविद्यालय की कॉलेज इकाइयों ने परीक्षा नियंत्रक को प्राचार्य के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को लेकर छात्र संगठनों में रोष व्याप्त है।

एबीवीपी के कॉलेज इकाई अध्यक्ष पंकज कलासुआ और सदस्य पीनल ने बताया कि बीएससी सेमेस्टर-VI (एनईपी) के 'डिस्क्रीट मैथमेटिक्स' विषय के परीक्षा परिणाम में बड़े पैमाने पर विसंगतियां पाई गई हैं। परीक्षा में विधिवत रूप से शामिल होने के बावजूद कई विद्यार्थियों के बाहरी मूल्यांकन में 80 में से मात्र 10, 11 और 12 अंक प्रदर्शित हो रहे हैं। एक ही विषय में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के इस प्रकार समान और बेहद कम अंक आना संभावित मूल्यांकन त्रुटि या अंक अपलोडिंग में तकनीकी गड़बड़ी की ओर साफ इशारा करता है।

चूंकि यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत आने वाला प्रथम बैच है, इसलिए इस प्रकार की त्रुटियां विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा में आगे की प्रवेश प्रक्रिया और उनके उज्ज्वल भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो विद्यार्थियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

विद्यार्थी परिषद की प्रमुख मांगें में डिस्क्रीट मैथमेटिक्स विषय के अंकों की तत्काल प्रभाव से पुनः जांच करवाना शामिल है। इसके अलावा यदि जांच में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो विद्यार्थियों के अंकों को शीघ्र संशोधित किया जाए। यदि किसी विद्यार्थी की इस त्रुटि के कारण बैक आती है, तो एनईपी प्रथम बैच के विद्यार्थियों को छठे सेमेस्टर के तुरंत बाद स्पेशल/बैक परीक्षा का अवसर दिया जाए, ताकि उनका एक वर्ष खराब न हो। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन इस संबंध में जल्द से जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे।

ज्ञापन देने के दौरान एसबीपी कॉलेज से इकाई सचिव राहुल भगोरा, छात्रावास संयोजक शीला कोटेड, पिनल भराडा, ममता रोत, प्रमोद रोत, अनिमेष कटारा, विकाश मनात, डिम्पल, उपासना, कृष्णा कुमारी सहित बड़ी संख्या में प्रभावित विद्यार्थी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, वीरबाला काली बाई कन्या महाविद्यालय से शीतल, धर्मिष्ठा, ऐश्वर्या, रेणुका, सोनाक्षी, पाटीदार, पायल, समीक्षा, गायत्री, काजल, खुशबू, ममता, अंजलि, सीमा और निशा समेत कई छात्रा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story