जिला क्रिकेट संघ चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल, तदर्थ समिति को ही नहीं चुनाव की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
जिला क्रिकेट संघ चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल, तदर्थ समिति को ही नहीं चुनाव की जानकारी


चित्तौड़गढ़, 17 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव कराने संबंधी उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद चित्तौड़गढ़ जिला क्रिकेट संघ में भी चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि चुनाव की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि तदर्थ समिति के नाम पर चुनाव प्रक्रिया नियमों की अनदेखी करते हुए संचालित की जा रही है।

जानकारी के अनुसार सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार की ओर से करीब दो वर्ष पूर्व जिला क्रिकेट संघ के संचालन के लिए पांच सदस्यीय तदर्थ समिति का गठन किया गया था। आरोप है कि इस अवधि में समिति की एक भी बैठक आयोजित नहीं की गई और अब 19 जुलाई को मतदान की तिथि घोषित कर दी गई है। बताया जा रहा है कि 25 मई को चुनाव अधिकारी ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया, लेकिन तदर्थ समिति के सदस्यों को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई और न ही कोई वैध बैठक बुलाई गई।

आरोप है कि चुनाव अधिकारी बाबूलाल सिलावट ने चुनाव कार्यालय का पता मंडफिया स्थित गोकुल विश्रांति गृह बताया, लेकिन मौके पर न तो कोई चुनाव कार्यालय मिला और न ही कोई नोटिस चस्पा मिला। वहां चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा कोई व्यक्ति भी मौजूद नहीं था। वहीं तदर्थ समिति की ओर से अधिकृत व्यक्ति देवेन्द्र सिंह चौहान का पता चित्तौड़गढ़ स्थित सांवलिया विश्रांति गृह दर्शाया गया, जबकि चुनाव कार्यक्रम सांवलियाजी में प्रस्तावित बताया गया है। इससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी समितियों से संपर्क करने पर उन्होंने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी होने से इनकार किया। आरोप है कि चुनाव कार्यक्रम की प्रतिलिपि संबंधित क्लबों, खेल अधिकारी और उप रजिस्ट्रार को भेजे जाने का उल्लेख होने के बावजूद किसी को इसकी प्रति प्राप्त नहीं हुई। यह भी आरोप है कि नियमों के अनुसार चुनाव से 21 दिन पूर्व समाचार पत्रों में अधिसूचना प्रकाशित करने तथा सभी सदस्यों को ई-मेल अथवा पंजीकृत डाक से सूचना भेजने की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।

उधर चुनाव अधिकारी बाबूलाल कुमावत से संपर्क करने पर उन्होंने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही और कहा कि इस संबंध में डूंगला निवासी श्याम सिंह ही जानकारी दे सकते हैं।

इस बीच सूत्रों के हवाले से यह भी आरोप लगाया गया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया सहकारिता मंत्री गौतम दक के निर्देशों पर संचालित की जा रही है। दावा किया गया है कि तदर्थ समिति के संयोजक और चुनाव अधिकारी दोनों मंत्री के क्षेत्र से जुड़े हैं। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से तदर्थ समिति के गठन के बाद जिला क्रिकेट संघ की गतिविधियां प्रभावित रही हैं। अब चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद के बीच निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर प्रश्न खड़े हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story