जाेधपुर में दो कॉलेजों में होगी मतगणना, जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जाेधपुर में दो कॉलेजों में होगी मतगणना, जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण


पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना सुबह 8 और जिला परिषद सदस्यों की दोपहर 12 बजे से होगी शुरू

जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। जोधपुर जिले की 23 पंचायत समितियों के पंचायत समिति सदस्यों एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 20 नवम्बर को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) जोधपुर तथा राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर में संपन्न होगी। इस बार पहले जिले की 23 पंचायत समिति सदस्यों और फिर जिला परिषद सदस्यों के परिणाम आएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) आलोक रंजन ने आज मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) जोधपुर में शेरगढ़, चाबा, सेखाला, आगोलाई, चामू एवं बालेसर पंचायत समितियों की मतगणना भूतल पर स्थित निर्धारित कक्षों में होगी। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर में ओसियां, तिवरी, सामराऊ, बावड़ी, हतूंडी, उम्मेदनगर, भोपालगढ़, आसोप, बिलाड़ा, कापरड़ा, पीपाड़ शहर, सालवाखुर्द, लूणी, धवा, झंवर, मण्डोर एवं केरू पंचायत समितियों की मतगणना भूतल एवं प्रथम तल पर स्थित निर्धारित कक्षों एवं प्रयोगशालाओं में की जाएगी। पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी, जबकि जिला परिषद सदस्यों की मतगणना दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए नियुक्त गणन अभिकर्ताओं को सुबह 7 बजे तथा जिला परिषद सदस्यों की मतगणना के लिए नियुक्त गणन अभिकर्ताओं को दोपहर 12 बजे उपस्थित होना होगा।

मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा दोनों मतगणना केंद्रों पर प्रवेश की गेटवार व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके तहत अभ्यर्थियों, गणन अभिकर्ताओं, निर्वाचन एवं गणना कार्मिकों तथा मीडियाकर्मियों के लिए पीली टंकी से एमआईसी की ओर से प्रवेश निर्धारित किया गया है जबकि इन सभी के लिए मतगणना स्थलों पर अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला), जोधपुर के मुख्य भाग में स्थित गेट संख्या 1 से शेरगढ़, चाबा, सेखाला, चामू, आगोलाई एवं बालेसर पंचायत समितियों के अभ्यर्थियों एवं उनके गणन अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जाएगा।

इसी परिसर के गेट संख्या 2 को निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कार्मिकों एवं गणना कार्मिकों के आवागमन के लिए आरक्षित रखा गया है। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर के पिछले भाग में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। यहां गेट संख्या1 से निर्वाचन एवं गणना कार्मिकों तथा कवरेज के लिए आने वाले मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। गेट संख्या 2 से आसोप, भोपालगढ़, सालवाखुर्द एवं केरू पंचायत समितियों के अभ्यर्थी एवं उनके गणन अभिकर्ता प्रवेश करेंगे।

गेट संख्या 3 से बिलाड़ा, बावड़ी, ओसियां, तिवरी, पीपाड़ शहर, कापरड़ा एवं सामराऊ पंचायत समितियों के अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं गेट संख्या 5 से मण्डोर, लूणी, झंवर, धवा, हतूंडी एवं उम्मेदनगर पंचायत समितियों के अभ्यर्थियों एवं उनके गणन अभिकर्ताओं का प्रवेश निर्धारित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story