जाेधपुर में गंभीर प्रसूताओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी

WhatsApp Channel Join Now
जाेधपुर में गंभीर प्रसूताओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी


उम्मेद व महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती पांचों प्रसूताओं की स्थिति स्थिर, कॉलेज प्रशासन ने जारी किया स्वास्थ्य अपडेट

जोधपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। उम्मेद व महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती पांचों प्रसूताओं की स्थिति स्थिर है। इन गंभीर प्रसूताओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उनका स्वास्थ्य अपडेट जारी किया है।

डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बीएस जोधा ने गंभीर प्रसूताओं के उपचार को लेकर बताया कि मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जनाना अस्पतालों एवं सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा संस्थानों में भर्ती सभी गंभीर मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है तथा सभी मरीजों की स्थिति वर्तमान में स्थिर है।

डॉ. ने बताया कि डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मथुरादास माथुर अस्पताल एवं उम्मेद अस्पताल क्षेत्र के प्रमुख रेफरल चिकित्सा संस्थान हैं। पाली, जालोर, सिरोही सहित आसपास के जिलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए यहां रेफर किया जाता है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार तत्काल उपचार एवं आवश्यक होने पर शल्य चिकित्सा की जाती है।

डॉ. बी. एस. जोधा के अनुसार वर्तमान में उपचाराधीन पांच गंभीर प्रसूताओं में कुछ मरीज अत्यधिक रक्तस्राव तथा कुछ उच्च रक्तचाप से उत्पन्न चिकित्सकीय जटिलताओं से प्रभावित हैं। सभी मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सतत उपचार किया जा रहा है तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि वर्तमान में दो मरीज उम्मेद अस्पताल तथा तीन मरीज महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती हैं। सभी मरीजों का आवश्यक उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। चिकित्सा दल प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा आवश्यकतानुसार समुचित चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story