जयसमंद–झाड़ोल मार्ग पर नदी पेटे से हटे अवैध कब्जे
सलूम्बर, 6 अप्रैल (हि.स.)। सलूम्बर जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सलूम्बर जिले की सराड़ा तहसील के जयसमंद उपतहसील क्षेत्र में जयसमंद–झाड़ोल मार्ग पर मुडियावेला के पास नदी पेटे में किए गए अवैध निर्माणों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक कार्रवाई मुहम्मद जुनैद पी.पी. के निर्देशानुसार की गई। अभियान का नेतृत्व आकांक्षा दुबे ने किया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और नदी क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जयसमंद–झाड़ोल मार्ग पर मुडियावेला के पास नदी पेटे में कई स्थानों पर लोगों ने बाउंड्री वॉल सहित अन्य पक्के निर्माण कर लिए थे, जो राजस्व और पर्यावरणीय नियमों के विरुद्ध थे। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीनों की सहायता से अभियान चलाया और अवैध रूप से बनाए गए निर्माणों को एक-एक कर ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि नदी पेटे और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से प्राकृतिक जल प्रवाह प्रभावित होता है, जिससे भविष्य में बाढ़ और पर्यावरणीय समस्याओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए ऐसे अवैध निर्माणों को हटाना आवश्यक है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही तथा पूरे अभियान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी भूमि, नदी पेटे और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों के विरुद्ध निर्माण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

