जयपुर सहित 16 शहरों में बारिश, पांच शहरों में ओलावृष्टि

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर सहित 16 शहरों में बारिश, पांच शहरों में ओलावृष्टि


जयपुर सहित 16 शहरों में बारिश, पांच शहरों में ओलावृष्टि


जयपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से लगातार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर बना हुआ है। शनिवार को जयपुर सहित 16 शहरों में बारिश हुई। इस दौरान आधा दर्जन शहरों में ओलावृष्टि दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दोपहर बाद मौसम बदला। इस दौरान कोटा, टोंक, बूंदी, दौसा और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले गिरे। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन फसलों को नुकसान हुआ है। शनिवार को अजमेर, वनस्थली, जयपुर, पिलानी, सीकर, कोटा, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, जालोर और दौसा में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश अजमेर में 19 मिलीमीटर दर्ज की गई। शनिवार को चित्तौडग़ढ़ सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से पिछले 24 घंटों में कुछ भागों में तेज आंधी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राज में सर्वाधिक बारिश 11.5 मिमी करनपुर, श्रीगंगानगर व पूर्वी राज में 32 मिमी कोटड़ा, उदयपुर में रिकॉर्ड की गई। शनिवार को जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर में कहीं-कहीं तेज आंधी (40-50्यद्वश्चद्ध), बारिश, ओलावृष्टि दर्ज की गई। बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 6 अप्रेल को दोपहर बाद एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में पुन: तेज आंधी-बारिश गतिविधियां दर्ज होने की प्रबल संभावना है। 7 अप्रेल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर होने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी (50-60 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं ओलावृष्टि, मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। 8 अप्रेल को उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने किसानों के लिए चेतावनी जारी की कि खुले आसमान में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।

जयपुर में शनिवार को दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और अलग-अलग हिस्सों में सुबह-शाम हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बादलों के बीच से धूप की आंख मिचौली भी देखने को मिली। जयपुर के पारे में एक डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.2 और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story