जयपुर में शनिवार को सजेगी गुजरा हुआ जमाना की सुरमयी शाम

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में शनिवार को सजेगी गुजरा हुआ जमाना की सुरमयी शाम


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। शास्त्रीय, लोक और समकालीन गायन की समृद्ध परंपरा के लिए देशभर में पहचान रखने वाला जयपुर एक बार फिर सुरों की खास महफिल ‘गुजरा हुआ जमाना - आता नहीं दुबारा’ का साक्षी बनने जा रहा है। इसी संगीत विरासत को आगे बढ़ाते हुए 18 अप्रैल को महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में शनिवार शाम 6:30 बजे यह संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जहाँ प्रवेश निःशुक है।

स्वर सुरभि के तत्वावधान में आयोजित और डॉ. प्रकाश छबलानी की परिकल्पना में तैयार इस खास संध्या में पुराने दौर की मधुर यादों और नए समय की ताजगी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 90 के दशक से पहले के सदाबहार सुपरहिट फिल्मी गीतों के साथ-साथ नए दौर के लोकप्रिय और दिलकश गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। यह संगीत प्रेमियों को एक ही मंच पर दो अलग-अलग युगों की सुरमयी यात्रा का अनुभव कराएगा। शहर के प्रतिष्ठित गायक-गायिकाएं—प्रो. डॉ. सुमन यादव, संजय रायज़ादा, सुमंत मुखर्जी, ममता झा, सोनिया बिरला, सुप्रिया केसवानी, के.के. एंड रजनी ठाकुर, विक्रम सिंह, सुनील शर्मा, यशवर्धन सिंह, गरिमा वर्मा और डॉ. बबीता — अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह संगीतमय शाम केवल गीतों का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जयपुर की जीवंत संगीत परंपरा का उत्सव होगा, जहां पुरानी यादों की मिठास और नए दौर की ऊर्जा एक साथ महसूस की जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story