जयपुर में रविवार से होगा इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में रविवार से होगा इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव का आगाज


जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। भारत की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत और वेडिंग डेस्टिनेशन को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी जयपुर के दिल्ली रोड स्थित फेयरमोंट होटल में रविवार से दो दिवसीय इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) सीजन-3 का आयोजन होगा। कॉन्क्लेव का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी करेंगी। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

कॉन्क्लेव में देश-विदेश से वेडिंग, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े 600 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों की पर्यटन संभावनाओं और वेडिंग डेस्टिनेशन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाना है।

कॉन्क्लेव के निदेशक अरशद हुसैन ने बताया कि इस वर्ष आंध्र प्रदेश पर्यटन आधिकारिक भागीदार है। पहले दिन प्रदर्शनी का उद्घाटन, नेटवर्किंग सत्र और उद्घाटन समारोह के बाद पार्थिव त्यागराजन बिग फैट वर्सेस इंटिमेट वेडिंग विषय पर विशेष सत्र को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा ऋतुराज खन्ना, डॉ. अजय जैन, रजत सेठी, कैप्टन बाली, न्गुएन ट्रुंग हियू, जीन ल्यूक बेनहेम और सुनीत आर्या सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ वेडिंग एवं पर्यटन उद्योग के बदलते स्वरूप, वैश्विक अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।

पहले दिन का समापन शाम को पारंपरिक अंदाज में नकली बारात जुलूस के आयोजन के साथ होगा।

कॉन्क्लेव के दूसरे दिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वेडिंग बजटिंग, बीच वेडिंग्स, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और भारतीय वेडिंग मार्केट जैसे समकालीन विषयों पर मास्टर क्लास और पैनल डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन वेडवा इंडिया अवार्ड्स के वितरण के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story