जयपुर की उद्यमी डॉ. श्वेता चौधरी को “फ्यूचर शेपर 2026” सम्मान
जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जयपुर की प्रख्यात उद्यमी तथा कोड एजु की संस्थापक डॉ. श्वेता चौधरी को योरस्टोरी शी-स्पार्क्स सम्मेलन 2026 में फ्यूचर शेपर 2026 सम्मान से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन योरस्टोरी द्वारा आयोजित किया गया तथा इसे उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) का सहयोग प्राप्त था।
यह सम्मान देशभर की उन महिला नेतृत्व कर्ताओं को दिया जाता है जो उद्यमिता, नवाचार और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से भारत के भविष्य को आकार दे रही हैं। इस वर्ष देश के विभिन्न क्षेत्रों से 15 विशिष्ट महिलाओं को इस मंच पर सम्मानित किया गया।
डॉ. श्वेता चौधरी को विशेष रूप से जयपुर जैसे द्वितीय श्रेणी के शहर से नवाचार आधारित उद्यमिता तंत्र विकसित करने के लिए सम्मानित किया गया। अपने उपक्रम इनोवहर, जो एक उद्यम स्टूडियो और स्टार्ट-अप संवर्धन मंच है, तथा कोड एजु, जो रचनात्मकता, बौद्धिक विकास और भविष्य के कौशलों पर केंद्रित एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षण मंच है, के माध्यम से वे छात्रों, संस्थानों, नव उद्यमियों और निवेशकों को एक साथ जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. श्वेता चौधरी ने कहा कि एक समय था जब महिलाओं को मुख्य रूप से उत्पादन और मनोरंजन के संदर्भ में देखा जाता था। उसके बाद एक ऐसा दौर आया जब महिलाओं को अपनी क्षमता और दृढ़ता सिद्ध करनी पड़ी। आज हम सौभाग्यशाली हैं कि ऐसे समय में जी रहे हैं जहाँ महिला और जुनून एक-दूसरे के पर्याय बनते जा रहे हैं। अब महिलाएं अपनी पहचान किसी से मांग नहीं रहीं, बल्कि स्वयं अपनी पहचान गढ़ रही हैं। डॉ. चौधरी ने आगे कहा कि प्रायः स्टार्ट-अप और नवाचार की चर्चा मुंबई या बेंगलुरु जैसे शहरों तक सीमित दिखाई देती है, किंतु जयपुर जैसे शहर भी सशक्त नवाचार तंत्र विकसित कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

