छह शहरों का पारा 40 के नजदीक या उसके पार, बाड़मेर का पारा 42
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में अब गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। छह शहरों का पारा 40 के पार या उसके नजदीक पहुंच गया है। बाड़मेर का पारा 42 डिग्री पहुंच गया। आगामी समय में पारे में और उछाल देखने को मिलेगा। प्रदेश के शहरों के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी तो रात के तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 13 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री के पार रहा। 41.8 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 27.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। संगरिया का रात का तापमान भी 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात के तापमान में गिरावट मौसमी बीमारियों को बढ़ावा दे रही है। इससे अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की कतार बढऩे लगी है।
जयपुर में सोमवार को तेज धूप खिली। इससे आमजन को दिन में तेज गर्मी का अहसास हुआ। आगामी समय में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। जयपुर के दिन के तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी तो वहीं रात के तापमान में 2.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री दर्ज किया गया।
इधर बारिश को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। इस साल देश में कम बारिश होने की संभावना है। मानसून पर इस साल अलनीनो का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की ऋतु (जून से सितंबर) में होने वाली वर्षा सामान्य से नीचे रहने की सबसे ज़्यादा संभावना है। मात्रात्मक रूप से 2026 में पूरे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु की वर्षा दीर्घावधि औसत का 92 प्रतिशत रहने की संभावना है। 1971-2020 की अवधि के आधार पर पूरे देश के लिए दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु की वर्षा का दीर्घावधि औसत 87 सेंटीमीटर है। क्षेत्रीय रूप से देश के कई हिस्सों में सामान्य से नीचे ऋतुनिष्ठ वर्षा होने की सबसे अधिक संभावना है, सिवाय पूर्वोत्तर, उत्तर-पश्चिम और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर, जहां सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। अप्रेल से जून के दौरान भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में ईएनएसओ की तटस्थ स्थिति रहने की संभावना है। इसके बाद, दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु के दौरान अल नीनो जैसी स्थितियां विकसित होने की संभावना है। हिंद महासागर में वर्तमान में तटस्थ हिंद महासागर द्विध्रुव या इंडियन ओशन डाइपोल की स्थिति बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु के अंत तक सकारात्मक आईओडी स्थितियां विकसित होने की संभावना है, जो दक्षिण-पश्चिम मानसून वर्षा के लिए अनुकूल होती है। जनवरी से मार्च के दौरान, उत्तरी गोलार्ध और यूरेशिया में सर्दियों और वसंत ऋतु में बर्फ से ढके क्षेत्र का विस्तार सामान्य से थोड़ा कम रहा, जो 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु की वर्षा के लिए अनुकूल है।
प्रमुख शहरों का तापमान
बीकानेर 39
फलौदी 39.4
जोधपुर 39.9
चित्तौडग़ढ़ 40
जैसलमेर 41.4
बाड़मेर 41.8
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

