चुनाव में हारे भी पहन रहे साफा, जीते भी लगा रहे गले... नवग्रह आश्रम ने बदली पंचायत चुनाव के बाद की तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव में हारे भी पहन रहे साफा, जीते भी लगा रहे गले... नवग्रह आश्रम ने बदली पंचायत चुनाव के बाद की तस्वीर


चुनाव में हारे भी पहन रहे साफा, जीते भी लगा रहे गले... नवग्रह आश्रम ने बदली पंचायत चुनाव के बाद की तस्वीर


चुनाव में हारे भी पहन रहे साफा, जीते भी लगा रहे गले... नवग्रह आश्रम ने बदली पंचायत चुनाव के बाद की तस्वीर


भीलवाड़ा, 12 नवंबर (हि.स.)।

चुनाव में जीतने वाला जश्न मनाता है और हारने वाला अगले चुनाव की तैयारी में जुट जाता है। इस बीच कई बार गांवों में पांच साल तक राजनीतिक खींचतान भी चलती रहती है। लेकिन भीलवाड़ा जिले के रायला क्षेत्र के श्री नवग्रह आश्रम में पंचायत चुनाव के बाद एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने इस परंपरा को नई चुनौती दी है। यहां चुनाव जीतने वाले सरपंचों के साथ हारने वाले प्रत्याशियों को भी साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। मिठाई खिलाई गई और संदेश दिया गया कि चुनाव की प्रतिस्पर्धा अब खत्म, अगले पांच साल गांव के विकास के नाम होने चाहिए।

श्रीनवग्रह आश्रम सेवा संस्थान की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में तीन ग्राम पंचायतों के निर्वाचित सरपंचों, सरपंच प्रतिनिधियों, चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों, वार्ड पंचों और ग्रामीणों को आमंत्रित किया गया। सभी का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। आयोजन का उद्देश्य चुनावी प्रतिद्वंद्विता को पीछे छोड़कर आपसी भाईचारे और सामूहिक विकास की भावना मजबूत करना रहा।

आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक हंसराज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जीत-हार चुनाव का हिस्सा है। चुनाव में एक प्रत्याशी जीतता है, लेकिन विकास की जिम्मेदारी पूरे गांव की होती है। पराजित प्रत्याशियों के पास भी गांव के विकास का विजन और अनुभव होता है। यदि निर्वाचित सरपंच उनके सुझावों को अपने विजन में शामिल करें तो विकास की ताकत कई गुना बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न होने के बाद राजनीतिक दुराग्रह और मनमुटाव छोड़कर समभाव से काम करना चाहिए। पंचायत में विकास कार्य किसी राजनीतिक समर्थक या विरोधी के आधार पर नहीं, बल्कि जरूरत और पात्रता के आधार पर होने चाहिए। अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों की असली सफलता है।

समारोह में ग्रामीणों ने इस पहल को पंचायत राजनीति में सकारात्मक नवाचार बताया। उनका कहना था कि यदि चुनाव के बाद गांवों में ऐसी ही एकजुटता कायम हो तो गुटबाजी समाप्त होगी और सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा व स्वच्छता जैसे मुद्दों पर मिलकर काम हो सकेगा। यही भावना गांवों में रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का आधार बन सकती है।

कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी कमिश्नर मनफूल चौधरी, गौशाला गोदर्शन के संस्थापक महिपाल सिंह चौधरी, कालियास सरपंच प्रतिनिधि शिव सिंह पंवार, जोधड़ास सरपंच प्रतिनिधि महावीर गुर्जर, ईरांस सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र जाट, पर्यावरण प्रेमी सांवरलाल जाट सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775652 Articles

Share this story