चांदपोल रामचंद्र जी मंदिर में राम जन्मोत्सव का आगाज 19 मार्च से
जयपुर, 17 मार्च (हि.स.)। गुलाबी नगरी के चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी में इस वर्ष वासन्ती नवरात्रा के उपलक्ष्य में नौ दिवसीय विशाल श्री राम जन्मोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। जिसमें प्रतिदिन विभिन्न उत्सवों की धूम रहेगी। उत्सव का मुख्य आकर्षण 26 मार्च को रामनवमी के दिन होगा।
मंदिर के महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि रामनवमी पर शाम 7 बजे होने वाली भव्य महाआरती में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य आसन से ठाकुर जी की आरती करेंगे। इस दौरान राज्य सरकार के अन्य मंत्री,संत-महंत और कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।
महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि गत अनेक वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस बार भी 9 दिनों तक प्रतिदिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उत्सवों की झांकी भी सजेगी। इन दिनों में चलते वाले कार्यक्रमों में 19 मार्च को नव संवत्सर उत्सव एवं बधाई गान होगा। इसके बाद 20 मार्च को सिंजारा उत्सव की रौनक रहेगी। 21 और 22 मार्च को मार्च भव्य कीर्तन ,भजन संध्या सहित कई मंडल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही 23 मार्च को सरस निकुंज परिकर द्वारा अलबेली माधुरी शरण महाराज के सानिध्य में बधाई उत्सव होगा। 24 मार्च को श्री गौरांग मंडल (गोविंद देव जी मंदिर) द्वारा बधाई गान होगा। वहीं 25 मार्च को श्री प्रेम भाया मंडल (जयलाल मुंशी का रास्ता) द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएगी। 26 मार्च रामनवमी को जन्मोत्सव के मुख्य दिन सुबह से ही मंदिर में धार्मिक आयोजनों का तांता लगेगा। जिसमें प्रातः 11 बजे ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक,दोपहर 2 बजे श्री राम लल्ला की विशेष जन्म आरती और रात्रि 10 बजे भव्य शोभा यात्रा का आगमन और स्वागत सत्कार होगा। साथ ही 27 मार्च को श्री सीता राम जी समाज द्वारा बधाई उत्सव एवं पारंपरिक 'न्योछावर उछाल' कार्यक्रम होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

