ग्रीष्मावकाश कटौती के विरोध में शिक्षकों ने किया कार्य बहिष्कार
जोधपुर, 30 जून (हि.स.)। राजस्थान में ग्रीष्मावकाश से दो दिन घटाने के आदेशों के विरोध में शिक्षक संगठनों का प्रदेशव्यापी दो दिवसीय आंदोलन मंगलवार काे भी जारी रहा। शिक्षकों ने आज भी विद्यालयों में उपस्थित रहकर कार्य बहिष्कार किया। वहीं सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर ग्रीष्मावकाश कटौती संबंधी आदेशों की प्रतियां जलाकर सरकार के निर्णय का विरोध जताया।
राजस्थान शिक्षक संघ के संयुक्त कार्यक्रम के तहत जारी पत्र में कहा गया है कि शिक्षकों के अधिकारों में लगातार कटौती से असंतोष बढ़ रहा है। संगठनों का कहना है कि विरोध केवल अवकाश कटौती तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षक सम्मान, शिक्षा के अधिकार और सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता की रक्षा से भी जुड़ा है। उनके अनुसार नीतियों के कारण शिक्षकों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है और मनोबल प्रभावित हो रहा है। आंदोलन के तहत शिक्षकों ने दो दिन सोमवार और मंगलवार को विद्यालयों में उपस्थित रहकर कार्य बहिष्कार किया। वहीं आज सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर संबंधित आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध भी जताया। राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष हापूराम चौधरी ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा के हित में लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

