ग्रामीण क्षेत्रों में 19 तालाबों और नाडियों की बदलेगी सूरत
जोधपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। जिला परिषद जोधपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार जल संकट से निपटने एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए विशेष श्रमदान अभियान प्रारंभ किया जा रहा है।
जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 जुलाई से 25 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे विशेष श्रमदान अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जोधपुर जिले की 11 पंचायत समितियों की चिन्हित 19 ग्राम पंचायतों में स्थित स्थानीय तालाबों एवं नाडियों पर श्रमदान कार्य कराया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत बनाड़ एवं सुरपुरा के अमृत सरोवर एवं गंवई तालाब, पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत ओलवी एवं कापरड़ा के गंवई तालाब, पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत गोगादेवगढ़ की विश्वकर्मा नाड़ी एवं ग्राम पंचायत केतू कला की डोलिया नाड़ी, पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत ठाठिया एवं डोरिया की ठाठिया नाड़ी एवं रामानाड़ी, पंचायत समिति बालेसर की ग्राम पंचायत दुगर एवं आगोलाई के गंवई मॉडल तालाब, पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत लूणी एवं शिकारपुरा के गंवई मॉडल तालाब, पंचायत समिति धवा की ग्राम पंचायत मेलबा एवं चिंचड़ली के गंवई तालाब, पंचायत समिति ओसियां की ग्राम पंचायत नेवरा एवं ओसियां के नेवरा तालाब एवं बनेलाव तालाब, पंचायत समिति भोपालगढ़ की ग्राम पंचायत आसोप के नोसर तालाब, पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत नांदिया कलां के कल्याण सागर मॉडल तालाब तथा पंचायत समिति केरू की ग्राम पंचायत बडली के बडली तालाब पर जनसहभागिता के माध्यम से श्रमदान कराया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि श्रमदान के दौरान धरातल पर ठोस कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे। अभियान के दौरान तालाबों के कैचमेंट क्षेत्र से प्लास्टिक एवं अन्य कचरा एकत्रित किया जाएगा, जल भराव में बाधा बन रही झाडिय़ों की कटिंग की जाएगी तथा तालाबों की भराव क्षमता बढ़ाने के लिए गाद निकालने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौके पर जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल्हाड़ी, फावड़ा एवं तगारी जैसे आवश्यक उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि श्रमदान अभियान का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

