गैस संकट पर केंद्र सरकार के खिलाफ काली पट्टी बांध कर कांग्रेस नेताओं ने किया मौन सत्याग्रह
अजमेर, 16 मार्च (हि.स.)। अजमेर में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत तथा महंगाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मौन सत्याग्रह किया। यह प्रदर्शन महात्मा गांधी स्मारक पर आयोजित किया गया।
पूर्व राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व और अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल की अध्यक्षता में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो घंटे तक मौन सत्याग्रह किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यक्रम के दौरान रामधुन भी चलती रही।
मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात और केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण देश में तेल और गैस संकट की स्थिति बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने और आपूर्ति सुचारु रखने में विफल रही है, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राठौड़ ने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से आमजन और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उन्होंने सरकार से जल्द गैस और तेल की किल्लत दूर कर जनता को राहत देने की मांग की। मौन सत्याग्रह के दौरान कई कांग्रेस नेताओं ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की और गैस संकट के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव डॉ. सुनील लारा, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, द्रौपदी कोली और राजेश टंडन सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

