गांव की चौपाल से गरमाई राजनीति: मुख्यमंत्री बोले, गहलोत बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं

WhatsApp Channel Join Now
गांव की चौपाल से गरमाई राजनीति: मुख्यमंत्री बोले, गहलोत बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं


गांव की चौपाल से गरमाई राजनीति: मुख्यमंत्री बोले, गहलोत बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं


गांव की चौपाल से गरमाई राजनीति: मुख्यमंत्री बोले, गहलोत बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं


भीलवाड़ा, 06 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने दो दिवसीय भीलवाड़ा दौरे के दूसरे दिन शनिवार सुबह खारी का लाम्बा गांव का भ्रमण कर ग्रामीण विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं का संदेश दिया। गांव के तालाब, मंदिर, पंचायत भवन और विद्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को ग्रामीण आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए। दौरे के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए।

यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की राजनीति पर भी तीखा बयान देकर सियासी माहौल गरमा दिया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर लगाए गए आरोपों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि अशोक गहलोत की मित्रता सचिन पायलट से ज्यादा है। वे जो भी बात कहते हैं, वह सचिन पायलट के लिए कहते हैं। यह उनका आपसी मामला है, लेकिन उनका दर्द ऐसा है कि वे बार-बार सचिन पायलट को ही टारगेट करते हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान को राजनीतिक हलकों में कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश और देश का विकास गांवों की पगडंडियों से होकर गुजरता है। हमारा लक्ष्य प्रत्येक गांव को सशक्त, आत्मनिर्भर और सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त बनाना है। यदि गांव मजबूत होंगे तो प्रदेश और देश भी मजबूत बनेगा। उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व आयोजित रात्रि चौपाल में महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद किया गया, जिसमें रोजगार, कृषि, पशुपालन तथा सरकारी योजनाओं के प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंच रही हैं और ग्रामीण भारत को नई ताकत दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान और विकसित गांव के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गांव आत्मनिर्भर बनें। मुख्यमंत्री ने शहरों की ओर बढ़ते पलायन पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। यदि गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार के अवसर और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो लोगों को शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इसी सोच के साथ ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि सरकार सीधे ग्रामीणों की समस्याएं सुन सके और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाया जा सके।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और कार्यशैली की भी सराहना की। उन्होंने विधायक अशोक कोठारी सहित जब्बर सिंह सांखला, गोपीचंद मीणा, डॉ. लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल, लादूलाल पीतलिया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनभागीदारी और स्थानीय नेतृत्व के सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक गति मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story