खरीदारी के साथ व्यापार, कला, संस्कृति और मनोरंजन के रंग भी बिखरेंगे बीकानेर शॉपिंग मेले में

WhatsApp Channel Join Now
खरीदारी के साथ व्यापार, कला, संस्कृति और मनोरंजन के रंग भी बिखरेंगे बीकानेर शॉपिंग मेले में


बीकानेर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के लोगों को खरीदारी, व्यापार और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। बीकानेर शॉपिंग मेला 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को दोपहर 12 बजे रोटरी भवन, सादुलगंज में होगा। समारोह में बीकानेर के प्रथम नागरिक महापौर अनिल कल्ला और समाजसेवी मुरली पंवार मुख्य रूप से शिरकत कर मेले का शुभारंभ करेंगे। मेले का आयोजन लोक राग फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स की ओर से किया जा रहा है। 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय मेले में शहरवासियों को खरीदारी के साथ विभिन्न उत्पादों, व्यापारिक गतिविधियों और मनोरंजन के कार्यक्रमों का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों और उत्पादों को मंच देना तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना है।

शुभारम्भ समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में ड्रीम ल्यूमिना के निदेशक विक्की जैन, करणी कृपा एवं गुरु कृपा हार्डवेयर के सुनील चमड़िया, ज्योतिषाचार्य अनिल पुरोहित, डॉ. एल.सी. बैद, डॉ. श्याम अग्रवाल, जॉनी साधवानी, जगदीश सेवग, डॉ. शांतनु मिश्रा, एसआईपी वाला के निदेशक राजेश पारीक, शू डॉट कॉम के दिनेश बदलानी, राधे कृष्णा रेस्टोरेंट के श्रीराम चौधरी, बीकानेर फ्रेश के निदेशक विनोद बाफना और गोयमो के निदेशक राजेश गोयल आयोजन की गरिमा बढ़ाएंगे।

फाऊंडेशन से जुड़े आनंद आचार्य, विनय थानवी, नरेश मारु व याेगेश खत्री के अनुसार मेले के दौरान खरीदारी, व्यापारिक मेल-मिलाप, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजन की गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचने और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story