क्रूज पर दिल का दौरा पड़ने से वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर का निधन

WhatsApp Channel Join Now
क्रूज पर दिल का दौरा पड़ने से वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर का निधन


क्रूज पर दिल का दौरा पड़ने से वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर का निधन


डूंगरपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। वागड़ अंचल के जाने-माने वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ और डूंगरपुर जिला अस्पताल के पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल बनवीर (75 वर्ष) का मंगलवार को अमेरिका से मेक्सिको के बीच क्रूज पर यात्रा के दौरान अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे अपनी डॉक्टर पत्नी के साथ विदेश घूमने गए थे। समुद्र के बीच क्रूज पर उनके अंतिम सांस लेने की खबर जैसे ही डूंगरपुर पहुंची, पूरे जिले सहित प्रदेश के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. अनिल बनवीर अपनी पत्नी डॉ. निशा बनवीर के साथ गत 9 जुलाई को विदेश यात्रा पर गए थे। मंगलवार को दोनों क्रूज के जरिए अमेरिका से मेक्सिको की ओर बढ़ रहे थे कि सफर के दौरान समुद्र के बीच में ही डॉ. बनवीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में क्रूज पर मौजूद डॉक्टरों की टीम के पास ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यात्रा के दौरान पत्नी के साथ मुस्कुराते हुए खींची गई तस्वीरें अब उनकी आखिरी यादें बनकर रह गई हैं।

डॉ. अनिल बनवीर को वागड़ क्षेत्र में उनके बेहतरीन चिकित्सा कार्यों, सेवाभावी स्वभाव और सामाजिक सरोकारों के लिए हमेशा याद किया जाएगा। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने डूंगरपुर, बांसवाड़ा और सागवाड़ा सहित कई अन्य क्षेत्रों में पोलियो करेक्शन के 20 हजार से ज्यादा सफल ऑपरेशन किए थे। जन्मजात और अन्य कारणों से चलने-फिरने की समस्या से जूझ रहे हजारों दिव्यांग बच्चों और वयस्कों को अपने पैरों पर खड़ा कर उन्होंने एक नया जीवन दिया था। सरकारी सेवा में रहते हुए उन्होंने लंबे समय तक डूंगरपुर जिला अस्पताल और सागवाड़ा अस्पताल में अपनी सेवाएं दीं और पीएमओ के पद को सुशोभित किया। वर्ष 2013 में सेवानिवृत्त होने के बाद भी मरीजों के प्रति उनका सेवा भाव कम नहीं हुआ और वे पिछले 13 वर्षों से डूंगरपुर के एक निजी अस्पताल में नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे थे।

चिकित्सा के साथ-साथ डॉ. बनवीर सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी रहते थे। वे महावीर इंटरनेशनल और नारायण सेवा संस्थान जैसी प्रतिष्ठित स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़कर लगातार निर्धनों और जरूरतमंदों की मदद करते थे।

डॉ. बनवीर का पूरा परिवार उच्च पदों और चिकित्सा क्षेत्र में विदेशों में कार्यरत है। उनका बेटा डॉ. सौमित्र बनवीर और बहू डॉ. उपासना बनवीर वर्तमान में लंदन में डॉक्टर हैं, जबकि उनकी बेटी शौकिता ठाकुर और दामाद कुणाल ठाकुर कनाडा में निवास करते हैं।

उनके आकस्मिक निधन पर डूंगरपुर जिले के गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों और समाजसेवियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे चिकित्सा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story