कोठारी ने 24 समर्थित प्रत्याशियों से भरवाया स्व-घोषणा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
कोठारी ने 24 समर्थित प्रत्याशियों से भरवाया स्व-घोषणा पत्र


भीलवाड़ा, 04 सितंबर (हि.स.)। भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव के बीच निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी ने अपने समर्थित 24 प्रत्याशियों से स्व-घोषणा पत्र भरवाकर उन्हें किसी भी तरह के लोभ-लालच से दूर रहने का संकल्प दिलाया है। घोषणा पत्र में पार्षद चुने जाने पर ईमानदारी और प्रामाणिकता से वार्ड की सेवा करने तथा महापौर चुनाव में किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त में शामिल नहीं होने की बात कही गई है।

कोठारी ने प्रत्याशियों को अपने कार्यालय बुलाकर घोषणा पत्र भरवाया। इसमें प्रत्याशियों ने जनता के विश्वास को कायम रखने, विकास कार्यों में सक्रिय रहने और वार्डवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। घोषणा पत्र में प्रत्याशी के नाम, पते और हस्ताक्षर के साथ दो गवाहों के नाम, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर भी लिए गए।

विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि राजनीति महत्वपूर्ण क्षेत्र है और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी बड़ी होती है। अच्छे व्यक्ति को अच्छी सोच और सेवा भावना के साथ जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उद्देश्य व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि जनता की सेवा होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशियों से यह संकल्प किसी दबाव में नहीं, बल्कि उनके स्वयं के विवेक से भरवाया गया है। कोठारी ने प्रत्याशियों से सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने तथा ईमानदारी से जनता के हित में काम करने का आह्वान किया।

नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण होने के कारण कोठारी की इस पहल को चुनावी राजनीति में चर्चा का विषय माना जा रहा है। घोषणा पत्र में खरीद-फरोख्त से दूर रहने का संकल्प भी शामिल किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story