किसानों को दी नई कृषि तकनीकों की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
किसानों को दी नई कृषि तकनीकों की जानकारी


खेत बचाओ अभियान के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान द्वारा राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत झंवर गांव में किसान जागरूकता एवं कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान करना तथा कृषि उत्पादन में सुधार के लिए वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों से संवाद करते हुए उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के लिए कम्पोस्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा जैव-नियंत्रक एजेंटों के बीज एवं मृदा उपचार में उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। वैज्ञानिकों ने इनके प्रयोग की विधि एवं इनसे होने वाले लाभ की जानकारी दी।

कार्यक्रम में डॉ. ऋतु मावर, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. रजनीश शर्मा एवं डॉ. आरके सोलंकी ने भाग लेकर किसानों की शंकाओं का निदान किया। इस अवसर पर कृषि पर्यवेक्षक सतीश ने झंवर गांव में कम्पोस्टिंग, प्राकृतिक खेती एवं अन्य टिकाऊ कृषि तकनीकों पर आयोजित किसान प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का समापन किसान-वैज्ञानिक संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याएं रखीं तथा वैज्ञानिकों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story