किशनगढ़ एयरपोर्ट से हिंडन और लखनऊ की उड़ानें 25 अप्रेल से फिर होंगी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
किशनगढ़ एयरपोर्ट से हिंडन और लखनऊ की उड़ानें 25 अप्रेल से फिर होंगी शुरू


अजमेर, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित किशनगढ़ एयरपोर्ट से हिंडन (गाजियाबाद) और लखनऊ के लिए विमान सेवाएं 25 अप्रैल से पुनः शुरू होंगी।

किशनगढ़ एयरपोर्ट के निदेशक बी.एस. मीणा ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों और संभावित बढ़ते यात्रीभार को ध्यान में रखते हुए इन दोनों मार्गों पर सेवाएं फिर से शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में तकनीकी कारणों तथा कम यात्रीभार के चलते उड़ानों को स्थगित कर दिया गया था।

अब इन मार्गों पर नियमित उड़ानों के पुनः संचालन से यात्रियों को राहत मिलेगी और व्यापार, शिक्षा तथा पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

गाजियाबाद (हिंडन) रूट पर स्टार एयर की उड़ान किशनगढ़ से सुबह 10:50 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:00 बजे पहुंचेगी। वापसी उड़ान 12:40 बजे रवाना होकर 1:50 बजे किशनगढ़ पहुंचेगी। इस मार्ग का किराया लगभग 3,000 से 4,000 रुपये के बीच रहेगा तथा यह सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध होगी।

लखनऊ के लिए उड़ान दोपहर 12:00 बजे रवाना होकर 1:20 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी उड़ान 1:50 बजे प्रस्थान कर 3:10 बजे किशनगढ़ पहुंचेगी। इस रूट का किराया लगभग 7,000 से 9,000 रुपये के बीच निर्धारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि किशनगढ़ हवाई अड्डे से अहमदाबाद, गाजियाबाद (हिंडन), पुणे, लखनऊ और नागपुर के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। ये उड़ानें मुख्य रूप से स्टार एयर और इंडिगो द्वारा संचालित की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story