कांग्रेस वांगचुक को लेकर भी अपनी राजनीति चमकाने का कर रही है प्रयास: मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस वांगचुक को लेकर भी अपनी राजनीति चमकाने का कर रही है प्रयास: मदन राठौड़


जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सोनम वांगचुक पर अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रही है। किसी का स्वास्थ्य बिगड़ने पर इंतजार करना और उस पर राजनीति करना, कांग्रेस का यह रवैया सही नहीं है। सरकार की पहली प्राथमिकता किसी भी नागरिक का जीवन बचाने की होती है, किसी का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाना पूरी तरह उचित निर्णय है। किसी की जान पर राजनीति करना विकृत मानसिकता का परिचायक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कुछ लोग चाहते थे कि वांगचुक का स्वास्थ्य और बिगड़ जाए, ताकि बाद में सरकार को घेरकर राजनीतिक लाभ लिया जा सके। उन्हें आमरण अनशन जैसा कदम उठाने से पहले गंभीरता से विचार करना चाहिए। किसी भी मांग पर चर्चा और बहस लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी व्यक्ति का जीवन सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हर हाल में जीवन की रक्षा करना है और इसी उद्देश्य से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए प्रयासरत है। हम मराठी के साथ जर्मन, फ्रैंच, इटेलियन जैसी भाषा भी पढ़ाने के लिए तैयार है, तो राजस्थानी भाषा को पढ़ाने में हमें कोई दिक्कत नहीं है। राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए हमें इसे एक भाषा के तौर पर बनाना होगा। भाषा को मान्यता दिलाने के लिए पहले भाषाविदों को विभिन्न बोलियों को लेकर एक व्यापक सहमति बनानी होगी। राठौड़ ने कहा कि मेवाड़ी, मारवाड़ी सहित अलग-अलग क्षेत्रों में शब्दों और बोलियों में अंतर है, यदि भाषाविद् इन्हें एक स्वरूप देने की दिशा में काम करें तो मान्यता में आसानी होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाषा को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवाल पर कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन उस दौरान राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब कांग्रेस राजनीति करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने केवल दूसरे के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने का काम किया है, जबकि भाजपा राजस्थानी भाषा के सम्मान और उसकी मान्यता के लिए प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story