कांग्रेस के अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा
जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों एवं संयोजकों की बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।
बैठक में डोटासरा ने सभी विभागों और प्रकोष्ठों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आमजन के बीच जाएं और उनकी समस्याओं में सहभागी बनकर समाधान के प्रयास करें। उन्होंने संगठन का विस्तार ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक अनिवार्य रूप से करने पर जोर दिया। साथ ही जिला एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रमों में सभी पदाधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान डोटासरा ने मध्य पूर्व एशिया में चल रहे युद्ध के चलते देश में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की संभावित कमी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पहले ही इस मुद्दे पर चेतावनी दी गई थी और सभी दलों के साथ चर्चा की मांग की गई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे नजरअंदाज किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में गैस की कमी से आमजन और उद्योग दोनों प्रभावित हो रहे हैं। टाइल्स, प्रिंटिंग, सिरेमिक और उर्वरक जैसे उद्योगों में काम प्रभावित होने से रोजगार पर भी असर पड़ा है। साथ ही, गैस की कमी के कारण सामाजिक आयोजनों तक पर असर पड़ने की बात कही।
डोटासरा ने केंद्र की विदेश नीति को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ईरान जैसे पुराने मित्र देश से संबंध कमजोर होने के कारण भारत को पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी 27 मार्च 2026 को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर गैस की किल्लत के विरोध में बड़ा प्रदर्शन करेगी, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

