कांग्रेस का ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू, 5 लाख नए पदाधिकारियों को जोड़ने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू, 5 लाख नए पदाधिकारियों को जोड़ने का लक्ष्य


जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार से प्रदेशभर में ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत राज्य के सभी नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में संगठन को मजबूत करने के साथ बड़े स्तर पर जनजागरण किया जाएगा।

प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने जयपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस अभियान के जरिए प्रदेशभर में वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर कांग्रेस कमेटियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान करीब 5 लाख नए पदाधिकारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर नगर निकाय और पंचायत राज चुनाव नहीं करा रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।

उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर एक साल से अधिक समय से चुनाव नहीं हुए हैं और वहां प्रशासक नियुक्त कर दिए गए हैं, जिससे स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ओबीसी आरक्षण आयोग की रिपोर्ट का बहाना बनाकर चुनाव टाल रही है, जबकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार केवल इस आधार पर चुनाव रोके नहीं जा सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आयोग को समय पर संसाधन नहीं दिए और अब रिपोर्ट आने के बावजूद उसे लागू नहीं किया जा रहा।

डोटासरा ने कहा कि सरकार शुद्ध मतदाता सूची होने के बावजूद पुरानी सूची के आधार पर चुनाव कराने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ अन्याय बताया और कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग को ज्ञापन देगी। मांग नहीं मानी गई तो पार्टी उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 30 दिनों तक चलेगा। इसमें एक से सात अप्रैल तक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर बैठकें व जनजागरण, आठ से 14 अप्रैल तक जिला स्तर पर विरोध-प्रदर्शन और 15 से 30 अप्रैल तक जिला स्तर पर जनसभाएं और संगठन विस्तार होगा।

कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान आमजन के बीच जाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनसमर्थन जुटाएंगे। डोटासरा ने कहा कि यदि समय पर चुनाव नहीं कराए गए तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ होगा और कांग्रेस इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story