कलेक्ट्रेट के बाहर युवाओं का प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्ट्रेट के बाहर युवाओं का प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला


जोधपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर पुलिस द्वारा छात्रों एवं युवाओं पर की गई बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज, नीट पेपर लीक, शिक्षा में भ्रष्टाचार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी और पूर्व मुख्यमंत्री राजस्थान अशोक गहलोत को हिरासत में लेने के विरोध व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकेर बुधवार को विभिन्न संगठनों द्वारा कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन भी किया गया। यहां अलग-अलग संगठनों द्वारा आज दोपहर बाद तक प्रदर्शन का दौर चलता रहा। सुबह महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति जोधपुर एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। दोपहर में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन व पुतला दहन किया।

कलेक्ट्रेट के बाहर जुटे युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने बैरिकेड्स पार कर कलेक्ट्रेट की ओर बढऩे का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बनी रही।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं से देशभर के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story