कमला नेहरू नगर सड़क दुर्घटना की जांच के लिए गठित सात सदस्यीय समिति ने किया दुर्घटनास्थल का निरीक्षण
जयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जयपुर शहर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाईपास पर कमला नेहरू नगर में हुई भीषण सड़क दुर्घटना, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी, की विस्तृत जांच के लिए गठित सात सदस्यीय जांच समिति ने गुरुवार को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में समिति ने दुर्घटना के कारणों का बारीकी से परीक्षण किया और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों की सिफारिश की।
समिति ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ दुर्घटना के बाद विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पैदल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया गया।
जिला कलेक्टर ने दुर्घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इनमें निर्धारित गति सीमा (40 एवं 60 किलोमीटर प्रति घंटा) तथा 'नो पार्किंग' के संकेतक लगाने, सड़क के मध्य सुरक्षा रेलिंग स्थापित करने और क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत कराने की सिफारिश शामिल है। इसके अलावा हीरापुरा रोडवेज बस स्टैंड से अजमेर रोड पुलिया तक यात्रियों की सुविधा के लिए एसीटीएसएल बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, लेन व्यवस्था में सुधार करने तथा पैदल यात्रियों के लिए व्यवस्थित फुटपाथ विकसित करने के निर्देश दिए गए।
समिति ने क्षेत्र में निजी पार्किंग की जांच कर नियम विरुद्ध पार्किंग हटाने, चौराहों पर लगे अनावश्यक डिवाइडरों को हटाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी अनुशंसा की है। संबंधित विभागों और एजेंसियों को इन सभी सिफारिशों को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्य अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर शहर (दक्षिण) युगांतर शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात (दक्षिण), सदस्य सचिव आमिर हसन, ईडीए आरएसआरटीसी के चांदमल वर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (यातायात प्रथम) चंपालाल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.के. सिंह, एनएचएआई के साइट अभियंता सागर सिंह तथा प्रबंधक महेंद्र चावला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

